मामी से अवैध संबंध में मामा की हत्या, सास-साले का मर्डर, बहन से शादी, कौन है एनकाउंटर में ढेर अफसर खां
बरेली पुलिस मुठभेड़ में ढेर हुआ अफसर खां एक आदतन अपराधी था, जिसने महज 16 साल की उम्र में मामी से अवैध संबंधों के चलते अपने सगे मामा की हत्या कर दी थी। जेल से छूटने के बाद उसने अपनी चचेरी बहन से जबरन निकाह किया और अब अपनी सास व साले की निर्मम हत्या कर दी थी।

Bareilly News: यूपी के बरेली में सास और साले की हत्या कर फरार हो गए अफसर खां को पुलिस ने 24 घंटे के अंदर ही मंगलवार की भोर में मार गिराया है। अफसर खां किशोरावस्था से ही आपराधिक प्रवृत्ति का था। मामी से अवैध संबंधों के चलते उसने मामा की हत्या कर दी थी। उस हत्याकांड में जेल गया और वहां से छूटने के बाद जबरन चचेरी बहन से निकाह कर लिया। परिवार के लोग भी उससे खौफजदा रहते थे। सास-साले की हत्या के दौरान उसने पत्नी पर भी चाकू से ताबड़तोड़ वार किए थे। पत्नी आईसीयू में भर्ती है।
परिवार वालों ने बताया कि वर्ष 2004 में अफसर खां के अवैध संबंध बिथरी चैनपुर क्षेत्र में रहने वाली अपनी सगी मामी से हो गए। उस समय अफसर खां की उम्र करीब 16 साल थी। इन्हीं संबंधों के चलते उसने मामी के साथ अपने मामा की सोते समय गला काटकर हत्या कर दी। इस मामले में अफसर और उसकी मामी को उम्रकैद की सजा हुई थी। वर्ष 2016 में वह अपील पर जेल से छूटा था और फिर गांव आकर दबंगई करने लगा। मगर इस वारदात के बाद सभी उससे खौफ खाते थे। तभी उसने पड़ोस में ही रहने वाली सगी चचेरी बहन सायमा से निकाह करने की बात कह दी।
परिवार वालों ने विरोध किया लेकिन वह नहीं माना और मई 2017 में जबरन निकाह कर लिया। मगर नशे का आदी होने के कारण वह सायमा से अक्सर मारपीट करता था। इसके चलते वर्ष 2022 में दहेज उत्पीड़न का मुकदमा भी दर्ज कराया गया लेकिन उसने सायमा को मनाकर समझौता कर लिया। परिजन के मुताबिक एक बार वह सीबीगंज थाने से चोरी में जेल भी जा चुका है।
योजना बनाकर सास-साले की हत्या
साले और सास की हत्या करने वाले अफसर खां ने योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम दिया। पंचायत में मौजूद घटना के चश्मदीद यासीन ने बताया कि वह पूरी योजना बनाकर ही चाकू लेकर पहुंचा था। मगर कोई भी उसके इरादे नहीं भांप सका क्योंकि इस बार उसने ईद के त्योहार का हवाला देकर पत्नी से फैसला कराने को कहा था। बातचीत के दौरान अफसर ने पत्नी को धमकाते हुए कहा कि मेरे साथ नहीं रहेगी तो जान से मार दूंगा। साले के विरोध पर आक्रोशित अफसर ने चाकू से हमला कर दिया।
दो दिन पहले पत्नी को पीटकर भगाया फिर समझौते की बात
घटना के चश्मदीद रहपुरा चौधरी में ही रहने वाले यासीन खां ने बताया कि अफसर खां नशे का आदी है और अक्सर अपनी पत्नी सायमा से मारपीट करता था। कई बार वह सायमा को मारपीट कर घर से निकाल चुका था। दो दिन पहले भी उसने पीटकर घर से निकाला तो सायमा मायके पहुंच गई। इस पर अफसर ने उनके बहनोई पूर्व पार्षद प्रत्याशी राशिद खां से ईद का हवाला देते हुए पत्नी से समझौता कराने को कहा। राशिद पहले भी उन लोगों के बीच फैसला करा चुके थे इसलिए त्योहार का हवाला देने पर वह एक बार फिर पंचायत कराने को तैयार हो गए। मगर इस बार अफसर खां के इरादे ठीक नहीं थे। वह तय कर चुका था कि अगर पत्नी ने आने से इनकार किया तो वह उसकी हत्या कर देगा। इसी मंशा के साथ पंचायत में वह चाकू छिपाकर ले गया था।
चश्मदीद यासीन ने सुनाई मौके की खौफनाक कहानी
यासीन ने बताया कि उनके बहनोई राशिद ने दोनों पक्षों को बैठाकर बातचीत शुरू की तो अफसर खां अपनी पत्नी सायमा पर साथ चलने का दबाव बनाने लगा। मगर अफसर की नशे की आदत और मारपीट से परेशान सायमा ने साथ जाने से मना किया। इस पर वह बौखला गया और गालीगलौज करने लगा। सायमा को धमकाने लगा कि मेरे साथ नहीं रहेगी तो जान से मार दूंगा... इस पर उसके भाई आदिल ने आपत्ति जताई तो अफसर ने चाकू निकालकर उसके सीने पर पेट पर ताबड़तोड़ कई प्रहार कर दिए। आदिल जमीन पर गिरा तो उसकी मां आसमा और बहन सायमा बचाने दौड़ीं। तभी अफसर ने आसमा को लात मारकर जमीन पर गिरा दिया और उनके भी सीने व पेट पर प्रहार कर हमला कर दिया।
इसके बाद वह सायमा पर झपटा और उसकी गर्दन व पेट पर चाकू से प्रहार किए। वारदात से वहां खलबली मच गई और अफसर खां चाकू लहराते हुए भाग निकला। वे लोग तीनों को लेकर अस्पताल पहुंचे लेकिन तब तक आदिल और उसकी मां आसमा की मौत हो चुकी थी।




साइन इन