हमीरपुर में दबंगों ने दलित युवक के साथ की मारपीट, जूते चटवाने का भी आरोप
हमीरपुर में डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर फाड़े जाने के मामले की शिकायत से नाराज दबंगों ने दलित युवक से जूते चटवाए और मारपीट करके हाथ तोड़ दिया। घटना करीब 15 दिन पहले की है। पीड़ित थाने के चक्कर लगाता रहा, लेकिन पुलिस ने अनसुनी कर दी।

यूपी के हमीरपुर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां परिषदीय विद्यालय में डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर फाड़े जाने के मामले की शिकायत से नाराज दबंगों ने दलित युवक से जूते चटवाए और मारपीट करके हाथ तोड़ दिया। घटना करीब 15 दिन पहले की है। पीड़ित थाने के चक्कर लगाता रहा, लेकिन पुलिस ने अनसुनी कर दी। एसपी के आदेश के बाद पुलिस ने एक नामजद व दो अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थानाक्षेत्र के सिमनौड़ी गांव निवासी उमेश बाबू वर्मा ने बताया कि पांच अक्तूबर को बाजार आ रहा था। गांव निवासी अभय सिंह दो अज्ञात साथियों के साथ बैठा था। उसे देखते ही रोक लिया और फोटो फाड़े जाने के पुराने प्रकरण को लेकर जातिसूचक गालियां देते हुए अपने जूते चटवाए और मारपीट की। आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर घटना वाले दिन से कई बार थाने गया, लेकिन पुलिस ने उसकी एक नहीं सुनी। पीड़ित ने पिछले दिनों एसपी डॉ. दीक्षा शर्मा के सामने अपनी बात रखी।
एसपी के आदेश के बाद 17 अक्तूबर को अभय सिंह एवं उसके दो साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई। हालांकि अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। वहीं थानाध्यक्ष अनूप कुमार सिंह का कहना है कि वादी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करने के बाद जांच की गई। इसमें जूते चटवाने या उसे अपमानित करने जैसे आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
युवक को मारपीट कर बाइक और नकदी लूटी, तीन पर केस
उधर, पीलीभीत जिले के मझोला थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन किनारे दबंगों ने मजदूर को मरपीट कर उसकी बाइक और 32 हजार रुपये लूट लिए। पीड़ित ने मझोला थाने में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने टालमटोल कर दिया। बाद में पीड़ित ने डीआईजी से गुहार लगाई। डीआईजी मुनिराज जी के आदेश पर मझोला पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है।




साइन इन