Crores rupees were given but trees were not planted, Yogi minister Rakesh Sachan got angry over the tree plantation करोड़ों रुपए दिए पर कहीं नहीं लगे पेड़, वृक्षारोपण पर योगी के मंत्री राकेश सचान भड़के, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

करोड़ों रुपए दिए पर कहीं नहीं लगे पेड़, वृक्षारोपण पर योगी के मंत्री राकेश सचान भड़के

योगी सरकार में मंत्री राकेश सचान ने कानपुर देहात में कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान मंत्री भड़क गए। उन्होंने कहा कि करोड़ों दिए पर पेड़ नहीं दिख रहे हैं।

Wed, 18 March 2026 07:02 PMDeep Pandey कानपुर, हिन्दुस्तान
share
करोड़ों रुपए दिए पर कहीं नहीं लगे पेड़, वृक्षारोपण पर योगी के मंत्री राकेश सचान भड़के

योगी सरकार में मंत्री राकेश संचान एक कार्यक्रम में भड़क गए। मामला वृक्षारोपण से जुड़ा था। कैबिनेट मंत्री राकेश सचान ने बुधवार दोपहर कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में विभागों की प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने वन विभाग के स्टॉल का भी निरीक्षण किया। वहां डीएफओ को देखकर उन्होंने कहा, हमने करोड़ों रुपये दिए, लेकिन जहां पेड़ लगने थे, वहां लगे ही नहीं। आप अपनी सेहत बढ़ा रहे हैं, पेड़ों की सेहत का भी ध्यान रखिए, तभी काम चलेगा। मंत्री की इस टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। लाइन वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।

उत्तर प्रदेश की योगी सरकार के 9 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भोगनीपुर के विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राकेश सचान माती कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे। यहां उन्होंने विभिन्न विभागों के प्रदर्शनी पंडालों का निरीक्षण किया और अंत में वन विभाग के स्टॉल पर पहुंचे। यहां पहुंचते ही कैबिनेट मंत्री राकेश संचान नाराज हो गए। भड़के मंत्री राकेश संचान अधिकारियों से कड़े तेवर में बात करते हुए दिखाई दिए। मंत्री राकेश संचान ने सवाल किए कि करोड़ रुपए दिए गए पर पेड़ नहीं दिख रहे हैं। इस पर अफसर चुप रहे ।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नवरात्र के 9 दिन भाजपा का जनता दरबार, योगी ने कहा- 9 साल से आगे का विजन पूछिए

पौधरोपण अभियान पर मंत्री का तीखा कटाक्ष माना जा रहा

प्रदर्शनी पेड़ों के साथ प्रभागीय वनाधिकारी से मंत्री राकेश संचान ने टिप्पणी की कि कहीं पेड़ नहीं लगे। जहां पेड़ लगने चाहिए थे, वहां लगाए नहीं गए। मंत्री राकेश सचान ने उनके कंधे पर हाथ रखते हुए कहा, सिर्फ अपनी सेहत बढ़ा रहे हो, पेड़ों की सेहत का भी ध्यान रखो, तभी काम चलेगा। मंत्री राकेश संचान की इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इसे वन विभाग के पौधरोपण अभियान पर मंत्री का तीखा कटाक्ष माना जा रहा है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:यूपी के इस जिले में 107 करोड़ रुपए से चकाचक होंगी ये 90 सड़कें, पहली किस्त जारी

सरकार की योजनाओं से लोगों के जीवन में आ रहा परिवर्तन

एमएसएमई मंत्री राकेश सचान ने सरकार की उपलब्धियां बताते हुये कहाकि सरकार की योजनाओं से लोगों के जीवन में परिवर्तन आ रहा हैऔर सबको आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।उन्होंने कहाकि मोदी योगी के शासन में देश तरक्की के रास्ते पर बढ़ रहा है। सरकार की योजनाओं ने गरीबों के जीवन में बदलाव लाया है। कच्चे मकान वालों को पक्की छत मिली है तो गरीब वर्ग नि:शुल्क राशन से खाने की चिंता छोड़कर अपने परिवार को आगे ले जाने की कवायद में लगा है। उन्होंने कहाकि आज पूरी दुनिया भारत का लोहा मान रही है। प्रदेश सरकार ने भी कानून व्यवस्था से लेकर विकास के मोर्च पर नये आयाम स्थापित किये हैं। कानपुर देहात में भी कुंभी, दुआरी और चपरघटा में नये औद्योगिक विकास के रास्ते तैयार हुये हैं।

लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, चेक, टूल किट वितरण

वहीं कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र, चेक, टूल किट आदि वितरित किये। उन्होंने प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर कहाकि प्रदेश में अभूतपपूर्व विकास हुआ है। कानून व्यवस्था के मामले में प्रदेश पूरे देश का मॉडल बना है। उद्योगों के विकास से रोजगार के अवसर भी बढ़े हैं। यहां लगने वाला 9 दिवसीय मेला लोगों को विभागीय योजनाओं से अवगत कराने के साथ ही उनके विकास की राह दिखाने वाला भी है। विधायक पूनम संखवार ने कहाकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में प्रदेश हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। सबका साथ सबका विकास और सबके विश्वास के कारण ही विपक्षी दल परेशान हैं। जिलाध्यक्ष रेणुका सचान ने भी प्रदेश और केन्द्र सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। कार्यक्रम में एसपी श्रृद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, सीडीओ विधान जायसवाल, सीएमओ डा. एके सिंह, एडीएम प्रशासन अमित कुमार समेत सभी जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।