यूपी में अपराधियों की बढ़ी मुसीबत, और तीखे हुए पुलिस के तेवर; 24 घंटे- 3 जिले- 3 एनकाउंटर
शायद ही कोई ऐसा दिन हो जब उत्तर प्रदेश के किसी न किसी जिले में एनकाउंटर न हो रहा हो। पिछले 24 घंटे में ही तीन जिलों प्रयागराज, हापुड़ और देवरिया में पुलिस ने अपराधियों से मोर्चा लिया है। तीनों एनकाउंटर में पुलिस की गोली से घायल होने के बाद अपराधी पकड़े गए हैं।

UP Police Encounter: यूपी में अपराधियों की मुसीबत बहुत बढ़ गई है। पुलिस के तेवर लगातार तीखे होते जा रहे हैं। शायद ही कोई ऐसा दिन हो जब यूपी के किसी न किसी जिले में एनकाउंटर न हो रहा हो। पिछले 24 घंटे में ही तीन जिलों प्रयागराज, हापुड़ और देवरिया में पुलिस ने अपराधियों से मोर्चा लिया है। तीनों एनकाउंटर में पुलिस की गोली से घायल होने के बाद अपराधी पकड़े गए हैं।
सबसे पहले बात प्रयागराज की। यहां थरवई इलाके में पुलिस की 25 हजार के इनामी बदमाश से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में बदमाश के पैर में गोली लगी और वह पकड़ा गया। पकड़े गए बदमाश का नाम मोनू पाल है। उसके दाहिने पैर में गोली लगी है। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया है। बदमाश के पास से चोरी के 24 मोबाइल फोन और एक बिना नंबर प्लेट वाली स्कूटी के साथ अवैध हथियार भी बरामद हुआ है। वहीं हापुड़ में मसूरी नहर पटरी के पास चेकिंग के दौरान पुलिस को एक बाइक पर सवार दो संदिग्ध आते हुए दिखाई दिए तो पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया। बदमाशों का दुस्साहस ऐसा कि रुकने की बजाए वे पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने लगे। जवाब में आत्मरक्षार्थ पुलिस ने भी गोलियां चलाईं और एक बदमाश को गोली लग भी गई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया जबकि उसका साथी भागने में कामयाब रहा। घायल होने के बाद पकड़े गए बदमाश का नाम फिरोज है। उस पर गोकशी के दो मामले पहले से दर्ज हैं। वह मूल रूप से गाजियाबाद का है। पिछले कुछ समय से हापुड़ के एक गांव में रह रहा था। पुलिस ने उसके पास से एक तमंचा, कारसूत और बाइक बरामद की है।
एनकाउंटर की एक घटना देवरिया में भी हुई। यहां आधी रात को पुलिस की गोलियां तड़तड़ा उठीं। देवरिया के सदर कोतवाली क्षेत्र के रजला के पास से 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पैर में गोली लगने के बाद उसे महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया। एएसपी समेत अन्य अधिकारियों ने मेडिकल कालेज पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। पता ये चला कि सदर कोतवाली पुलिस आधी रात को गश्त पर थी। इसी दौरान किसी मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी कि 25 हजार रुपए का एक इनामी शातिर बदमाश रजला के पास आ रहा है।
इस सूचना के बाद पुलिस सक्रिय हो गई और मौके पर पहुंच गई। इसी दौरान सामने से एक बाइक आई तो पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया। जिस पर बाइक सवार बदमाश ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। पुलिसकर्मियों ने खुद को सुरक्षित करते हुए जवाबी कार्रवाई की। बाइक सवार बदमाश को पैर में पुलिस की गोली लग गई और वह मौके पर गिर गया। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम उसे महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कालेज लेकर पहुंची। पूछताछ में बदमाश ने अपना नाम गोविंद कुमार निवासी बरौली थाना भलुअनी बताया। उसने सदर कोतवाली क्षेत्र में हुई 6 चेन स्नेचिंग की घटनाओं में शामिल होने की बात कबूल की। एएसपी सुनील कुमार ने बताया कि 25 हजार रुपए के इनामी बदमाश को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया है।




साइन इन