लड़कियों का धर्म बदलवाने वाले छांगुर बाबा का मददगार निकला कोर्ट का बाबू, ATS ने किया अरेस्ट
छांगुर बाबा प्रकरण में अब तक कुल 8 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। कोर्ट के बाबू राजेश उपाध्याय पर आरोप है कि वह छांगुर बाबा के इशारे पर काम करता था। प्रभाव न आने वाले लोगों को छांगुर बाबा राजेश उपाध्याय की मदद से नोटिस भिजवाता था। केस भी दर्ज कराता था।

धर्मांतरण के धंधेबाज छांगुर बाबा को लेकर रोज नए-नए खुलासे हो रहे हैं। अब बलरामपुर में न्यायालय का एक बाबू छांगुर बाबा का मददगार निकला है। गलत धंधों में छांगुर बाबा के सहयोगी और कुछ संपत्तियों में हिस्सेदार रहे बलरामपुर न्यायालय कर्मी राजेश उपाध्याय को एटीएस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पत्नी संगीता से पूछताछ हो रही है। ईडी ने तीन दिन पहले उपाध्याय दंपत्ति के लखनऊ के नौबस्ता स्थित मकान पर छापेमारी की थी। इसके पहले मामला सामने आने के बाद राजेश को सस्पेंड कर दिया गया था।
छांगुर बाबा प्रकरण में अब तक कुल आठ लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है। कोर्ट के बाबू राजेश उपाध्याय पर आरोप है कि वह छांगुर बाबा के इशारे पर काम करता था। प्रभाव न आने वाले लोगों को छांगुर बाबा राजेश उपाध्याय की मदद से नोटिस भिजवाता था। केस भी दर्ज कराता था।
बहराइच के कई प्रापर्टी डीलरों ने छांगुर को खरीदवाईं जमीनें
अवैध धर्मांतरण और लव जिहाद की मुहिम में प्रापर्टी से आने वाली रकम भी खूब खर्च गई। यहां के कई प्रापर्टी डीलरों ने उसे कई जमीनें खरीदवाई। इसके बदले छांगुर ने उन्हें अच्छा कमीशन दिया। एटीएस जल्दी ही रडार पर आए इन प्रापर्टी डीलरों से पूछताछ करेगी।
छांगुर इन प्रापर्टी डीलरों से ज्यादा मिलता नहीं था। जरूरत पड़ने पर ये लोग बलरामपुर जाते और उसके गिरोह के दूसरे सदस्यों से सम्पर्क कर लौट आते थे। उतरौला के सुभाषनगर, छिपिया, मनकापुर रोड स्थित लालगंज इलाके में कई युवकों की पहचान की गई है जो जमीन की खरीदफरोख्त में लिप्त थे। ये लोग भी छांगुर के सम्पर्क में थे। एटीएस ने अभी इनमे से सिर्फ आधा दर्जन से ही पूछताछ की है। हालांकि ईडी की भी नजर इन प्रापर्टी डीलरों पर है और वह भी पूरी चेन पर होमवर्क कर रहे हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक पार्टी डीलिंग में कुछ अफसरों का भी पैसा लगा है जो जिले में तैनाती के दौरान छांगुर से सम्पर्क में आए।
धर्मांतरण में फंसी लड़कियों का ब्योरा जुटाया जा रहा
छांगुर के अवैध धर्मांतरण की आंच बहराइच में भी रही। यहां भी कई धर्म परिवर्तन के मामले हुए। एटीएस अब धर्मांतरण में फंसी यहां की लड़कियों के बारे में ब्योरा जुटा रही है। खासतौर से उन लड़कियों के बारे में पता किया जा रहा है कि जो लव जिहाद में फंसने के बाद दोबारा अपने घर वापस नहीं आईं। लव जिहाद को लेकर भारत नेपाल सीमा पहले से ही संवेदनशील रही है। सीमा के उस पार भी बड़े अड्डे हैं। धर्मांतरण करने वालों को यहां से सीधे बार्डर के उस पार करवा दिया जाता है। नेपाल से वह दूसरे रास्तों के जरिए विभिन्न शहरों में चले जा रहे। अभी तक एटीएस ने जो कार्रवाई की है उसमें इसी तरह का खेल सामने आया है। खुफिया एजेन्सी के एक अफसर का कहना है कि कुछ और साक्ष्य मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।




साइन इन