प्रयागराज में सुपारी किलर स्टाइल में मर्डर; प्रॉपर्टी डीलर को सरेआम गोली मारी, मास्क लगाकर आए बदमाश
बताया जा रहा है कि दो बाइक पर सवार चार युवक पहुंचे। युवकों ने गमछा व मास्क से अपने चेहरे ढंक रखे थे। जब तक लोग कुछ समझते, एक बदमाश ने मोहम्मद इरफान पर फायर झोंक दिया। सीने में गोली लगते ही इरफान लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गए और सभी बदमाश बाइक से फरार हो गए।

प्रयागराज के करेली के ऐनुद्दीनपुर मोहल्ले में बुधवार की शाम सुपारी किलर स्टाइल में सरेआम प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। दो बाइक पर आए चार नकाबपोश बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। बाएं तरफ सीने में गोली लगने से 47 वर्षीय मोहम्मद इरफान की मौत हो गई। पुलिस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश मानकर जांच कर रही है। डीसीपी नगर ने पुलिस की पांच टीमें गठित कर दी हैं। देर रात दो लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया। ऐनुद्दीनपुर गौसपुर के मोहम्मद इरफान प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते थे। वह बुधवार की शाम घर से करीब पचास मीटर दूर चाय की दुकान पर बैठे थे।
दो बाइक से चार युवक पहुंचे थे
शाम करीब साढ़े छह बजे दो बाइक पर सवार चार युवक पहुंचे। युवकों ने गमछा व मास्क से अपने चेहरे ढंक रखे थे। जब तक लोग कुछ समझते, एक बदमाश ने मोहम्मद इरफान पर फायर झोंक दिया। सीने में गोली लगते ही इरफान लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गए और सभी बदमाश बाइक से फरार हो गए। सूचना पर घटनास्थल पर डीसीपी नगर मनीष शांडिल्य व एडीसीपी राजकुमार मीना समेत पुलिस फोर्स पहुंची। पुलिस ने इरफान को एसआरएन अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
नकाबपोश बदमाशों ने की वारदात
ऐनुद्दीनपुर के मक्का मस्जिद बिस्मिल्ला चौराहे के पास बुधवार शाम हुई सनसनीखेज वारदात ने पुलिस को भी चौंका दिया है। जिस तरह सटीक निशाना लगाकर मोहम्मद इरफान को गोली मारी गई, उससे वारदात में सुपारी किलरों के शामिल होने की बात सामने आ रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम के वक्त चौराहे पर रौनक थी। मोहम्मद इरफान पास की चाय की दुकान पर बैठकर बातचीत कर रहे थे, तभी अचानक दो बाइकों पर सवार चार नकाबपोश बदमाश पहुंचे। बदमाशों ने बिना कोई मौका दिए बेहद करीब से इरफान के सीने में गोली मार दी।
सीसीटीवी कैमरे में भागते दिखे चार संदिग्ध
हमलावरों की सटीकता और तेजी से अंदाजा लगाया जा रहा है कि उन्होंने पूरी वारदात की पहले से रेकी कर रखी थी। गोली लगते ही इरफान लहूलुहान हो गए। लोग कुछ समझ पाते, उससे पहले ही हमलावर फरार हो गए। घायल इरफान को तुरंत एंबुलेंस से एसआरएन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस को आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में दो बाइकों पर चार संदिग्ध भागते हुए दिखे हैं, हालांकि घटनास्थल का स्पष्ट फुटेज नहीं मिल सका है। शुरुआती जांच में पुलिस रंजिश या संपत्ति विवाद के एंगल पर जांच कर रही है, लेकिन परिजनों ने किसी से दुश्मनी से इनकार किया है।
खून से लथपथ शव देख बिलख पड़ा परिवार
घर से जल्द ही लौटने की बात कहकर निकले मोहम्मद इरफान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी मगरूननिशां, बेटे आमिर व फैसल और दोनों बेटियां शव देखते ही बेसुध हो गईं। घर में चीखपुकार का माहौल बना रहा। बड़े भाई रिजवान ने बताया कि इरफान मिलनसार और शांत स्वभाव के व्यक्ति थे, उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं थी।
दो लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज
पुलिस के अनुसार, मृतक के बेटे मोहम्मद आमिर की तहरीर पर चकिया धूमनगंज निवासी सगे भाई आसिफ दुरानी और राशिद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि प्राॅपर्टी डीलिंग को लेकर करीब तीन साल पहले मारपीट हुई थी। तभी से दोनों पक्ष में दुश्मनी चली आ रही है। उधर, वारदात को लेकर अतीक गैंग से भी जोड़कर देखा जा रहा है। पुलिस ने इस जानकारी से इनकार किया है।




साइन इन