Construction of a six-lane tunnel on the Varanasi-Lucknow Highway begins, with vehicles running below and planes above वाराणसी में लखनऊ हाईवे पर सिक्सलेन टनल का निर्माण शुरू, नीचे से गाड़ियां, ऊपर से दौड़ेगा विमान, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

वाराणसी में लखनऊ हाईवे पर सिक्सलेन टनल का निर्माण शुरू, नीचे से गाड़ियां, ऊपर से दौड़ेगा विमान

वाराणसी में लखनऊ नेशनल हाईवे पर सिक्सलेन टनल का निर्माण शुरू कर दिया गया है। इसके बन जाने से यहां के बाबतपुर स्थित इंटरनेशनल एयरपोर्ट के रनवे की लंबाई करीब डेढ़ गुना बढ़ जाएगी। टनल में नीचे से गाड़ियां चलेंगी और ऊपर से विमान दौड़ेगा।

Mon, 1 Dec 2025 02:33 PMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share
वाराणसी में लखनऊ हाईवे पर सिक्सलेन टनल का निर्माण शुरू, नीचे से गाड़ियां, ऊपर से दौड़ेगा विमान

वाराणसी में लखनऊ नेशनल हाइवे पर सिक्सलेन टनल का निर्माण शुरू हो गया है। सबसे पहले बेस तैयार करने के लिए खुदाई का काम शुरू हुआ है। टनल निर्माण के बाद बाबतपुर एयरपोर्ट का रनवे इसी के ऊपर से गुजरेगा। टनल में नीचे गाड़ियां चलेंगी और उपर से विमान दौड़ेंगे। एयरपोर्ट के पास बाबतपुर चौराहे से बसनी की ओर इसका निर्माण हो रहा है। टनल में सुरक्षा के पूर्ण इंतजाम होंगे। जिसमें सीसीटीवी कैमरे और दोनों छोर पर सेंट्री पोस्ट (सुरक्षा बूथ) शामिल होंगे। जलनिकासी के लिए टनल के भीतर ड्रेन बनाए जाएंगे और इसका पानी सपम्वेल में इकट्ठा होगा।

एयरपोर्ट विस्तार के तहत नए टर्मिनल भवन और मल्टीस्टोरी कार पार्किंग के निर्माण के साथ-साथ रनवे विस्तार की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। वर्तमान में रनवे की लंबाई 2745 मीटर है, जो विस्तार के बाद करीब डेढ़ गुना 4075 मीटर हो जाएगी। इसके बनने और रनवे विस्तारीकरण के बाद विमानों की जीरो दृश्यता पर लैंडिंग संभव हो पाएगी। अभी घने कोहरे में विमानों को उतरने की मंजूरी नहीं मिल पाती है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:'वाराणसी' में दिखेगी बाहुबली वाले राजमौली की कल्पना की उड़ान, नई फिल्म का ऐलान

दरअसल, एयरपोर्ट विस्तार योजना के तहत रनवे निर्माण में नेशनल हाइवे-31 का एक हिस्सा आ रहा है। इसके चलते बाबतपुर चौराहे का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा और इस स्थान पर रनवे बनेगा। इसके विकल्प के रूप में 2.89 किलोमीटर लंबी फोरलेन अप्रोच रोड का निर्माण होगा, जो तीन गांवों से गुजरेगी। इसी लम्बाई में 450 मीटर लंबी और 26 मीटर चौड़ी (छह लेन) टनल भी बनाई जाएगी।

परियोजना की अनुमानित लागत 652.64 करोड़ रुपये है, जिसमें केवल टनल निर्माण और उससे जुड़े कार्यों पर लगभग 362 करोड़ रुपये खर्च होंगे। बरसात के पानी से बचाव के लिए अप्रोच रोड पर शेड लगाए जाएंगे। इसके अलावा नाली और यूटिलिटी डक्ट का निर्माण भी होगा। टनल के दोनों छोर पर बने सेंट्री पोस्टों में अर्द्धसैनिक बल के जवान तैनात रहेंगे और मॉनीटर के माध्यम से सीसीटीवी कैमरों से टनल की निगरानी की जाएगी।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result 2026 Live, UP Board 10th Result 2026 Live, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।