तिलक में फायरिंग करने वाला सिपाही गिरफ्तार, बीट के 2 कांस्टेबल भी सस्पेंड
यूपी के सुलतानपुर जिले में तिलक में फायरिंग करने वाला सिपाही गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना की जानकारी न होने पर बीट के दो सिपाहियों को एसपी ने निलंबित कर दिया।

यूपी के सुलतानपुर में थाना क्षेत्र के कर्माजीतपुर गांव में दोस्त के तिलकोत्सव में निमंत्रण करने आए रायबरेली जिले के आबकारी विभाग के सिपाही ने अपने लाइसेंसी असलहे से ताबड़तोड़ फायरिंग किया था। गोली लगने से उसके साथ आया साथी घायल हो गया। घटना के बाद दोनों फरार हो गए। मेडिकल कॉलेज पहुंचकर सिपाही ने प्राथमिक इलाज कराया। इसके बाद दोनों गायब हो गए। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर मोतिगरपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज की। नामजद आबकारी सिपाही सुरेंद्र यादव को देर शाम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। घटना की जानकारी न होने पर बीट के दो सिपाहियों को एसपी ने निलंबित कर दिया।
मोतिगरपुर थाना क्षेत्र के कर्माजीतपुर गांव निवासी अंकुर शुक्ला आबकारी विभाग में सिपाही के पद पर रायबरेली जिले में तैनात हैं। सोमवार को अंकुर शुक्ला का तिलकोत्सव था, इस कार्यक्रम में उनके साथ काम करने वाले सिपाही विनीत मिश्र और सुरेंद्र यादव शामिल होने के लिए आए थे। पता चला कि दोस्त की तिलक चढ़ते देख साथी सिपाही सुरेंद्र यादव खुश होकर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग करने लगा। तीन फायर के बाद पिस्टल के चेम्बर में चौथी गोली फंस गई। सुरेंद्र यादव पिस्टल को ठीक करने लगा, तभी वहां पर उसका साथी सिपाही विनीत मिश्र पहुंच गया। इस दौरान पिस्टल में फंसी गोली फायर कर गई और गोली वीरेंद्र मिश्र को जा लगी। घायल विनीत मिश्र को सुरेंद्र यादव व अन्य लोग इलाज के लिए सुलतानपुर मेडिकल कॉलेज ले गए। प्राथमिक इलाज कराने के बाद दोनों वहां से गायब गए थे। संज्ञान में लेकर पुलिस ने मामले की जांच की।
जांच में सारी बातें सामने आने पर अधिकारियों के आदेश पर हल्का प्रभारी श्रीराम मिश्र ने इस मामले की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई। नामजद आबकारी सिपाही सुरेंद्र यादव पुत्र राजेंद्र कुमार प्रतापगढ़ जिले के उमरपुर बागराय गांव का निवासी है। क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर रामकृष्ण चतुर्वेदी ने बताया कि साथी सिपाही ने लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग की थी, इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। देर शाम नामजद आरोपी आबकारी के सिपाही सुरेंद्र यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। साथ ही घटना को संज्ञान में न लेने और कार्य में लापरवाही बरतने वाले बीट के सिपाही सहनोज यादव, सिंटू यादव को एसपी चारू निगम ने बर्खास्त कर दिया।




साइन इन