पुलिस की वर्दी पहनकर आए ठग ने आभूषण व्यापारी को लूटा, GST पेपर मांगने के बहाने ले उड़ा कैश से भरा बैग
गोरखपुर में शुक्रवार को दिनदहाड़े पुलिस की वर्दी में आए युवक ने चेकिंग के बहाने 9.50 लाख रुपये की टप्पेबाजी कर दी। आभूषण व्यापारी के कर्मचारी से जालसाज ने पुलिसिया धौंस दिखाकर पैसों का भरा बैग छीन लिया और पेपर लाने को कहा। व्यापारी के साथ जब तक कर्मचारी पहुंचा वह फरार हो गया था।

गोरखपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां व्यस्ततम इलाके घंटाघर में शुक्रवार को दिनदहाड़े पुलिस की वर्दी में आए युवक ने चेकिंग के बहाने 9.50 लाख रुपये की टप्पेबाजी कर दी। आभूषण व्यापारी के कर्मचारी से जालसाज ने पुलिसिया धौंस दिखाकर नकदी से भरा बैग छीन लिया और जीएसटी का पेपर लाने के बाद पैसा ले जाने को कहा। व्यापारी के साथ जब तक कर्मचारी पहुंचा जालसाज फरार हो गया था। राजघाट थाने की पुलिस ने केस दर्ज कर सीसीटीवी की मदद से जालसाज की तलाश शुरू कर दी है।
पीपीगंज निवासी व्यापारी बलिराम जायसवाल की घंटाघर में ‘आरसी आर्नामेंट’ नाम से आभूषणों की दुकान है। शुक्रवार सुबह करीब सवा 11 बजे उनका कर्मचारी संजय पाल 9.50 लाख रुपये लेकर गीता प्रेस रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक में जमा करने जा रहा था। वह मुंबई क्लॉथ हाउस (कालीबाड़ी मंदिर के पास) पहुंचा था कि पुलिस की वर्दी में पैंट और जैकेट पहने एक व्यक्ति ने उसे रोक लिया। उसने खुद को पुलिसकर्मी बताते हुए कर्मचारी को धमकाया और बैग छीन लिया।
जालसाज ने कहा कि जीएसटी के कागज लेकर आओ, तभी पैसा वापस मिलेगा। घबराया कर्मचारी तत्काल दुकान लौट आया और मालिक को घटना की जानकारी दी। जब तक व्यापारी और अन्य लोग मौके पर पहुंचे, आरोपी फरार हो चुका था। व्यापारी बलिराम की तहरीर पर राजघाट पुलिस केस दर्ज कर जांच कर रही है। वहीं, घंटाघर के स्वर्ण कारोबार के स्टाफ के साथ 9.50 लाख के टप्पेबाजी की घटना को लेकर समस्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष नितिन जायसवाल के साथ व्यापारियों का प्रतिनिधिमंडल सीओ कोतवाली से मिला। व्यापारियों ने अपराधियों को जल्द पकड़ कर रुपए वापस दिलाने की मांग की है।
व्यापारियों में रोष
दिनदहाड़े घटना से स्थानीय व्यापारियों में रोष है। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। व्यापारियों ने तत्काल इस घटना में एफआईआर दर्ज करने, इलाके के सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच करने और आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लूटी गई रकम बरामद करने की मांग की है। इस मामले में एसपी सिटी अभिनव त्यागी का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर इस घटना का खुलासा किया जाएगा।




साइन इन