Committed suicide by making serious allegations against a female officer, made a video before suicide महिला अधिकारी मुझे फंसा रहीं, सुसाइड से पहले बनाया वीडियो और जान दी, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

महिला अधिकारी मुझे फंसा रहीं, सुसाइड से पहले बनाया वीडियो और जान दी

आगरा में महिला अधिकारी को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताते हुए एक व्यक्ति ने जान दे दी है। सुसाइड से पहले उसने अपने मोबाइल में एक वीडियो भी बनाया और उसमें जान देने का कारण बताया है। पुलिस ने मोबाइल को फिलहाल कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

Fri, 5 Sep 2025 11:38 PMYogesh Yadav रुनकता (आगरा), हिन्दुस्तान संवाद
share
महिला अधिकारी मुझे फंसा रहीं, सुसाइड से पहले बनाया वीडियो और जान दी

सिकंदरा के गांव खड़वाई के नगला फुंसी निवासी 43 वर्षीय पप्पू का शव शुक्रवार की सुबह फंदे पर लटका मिला। घर के पास ही पेड़ पर उसने फांसी लगाई थी। मरने से पहले मोबाइल में एक वीडियो बनाया। वीडियो में अपनी मौत का जिम्मेदार महिला पंचायत सचिव (ग्राम विकास अधिकारी) रश्मि राठौर को ठहराया। वीडियो में पप्पू कह रहा है कि सेक्रेटरी मुझे फंसा रही हैं। ग्राम विकास अधिकारी ने उसके खिलाफ रुनकता चौकी पर भड़काऊ वीडियो भेजने की तहरीर दी थी। पप्पू के परिजन कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने बमुश्किल शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

घटना सुबह करीब चार बजे की है। पप्पू पुत्र अलीशेर की 15 वर्षीय बेटी सुहाना की नींद खुली। उसने देखा कि पिता चारपाई पर नहीं हैं। उसने मां को बताया। पत्नी ने टॉर्च की रोशनी में पप्पू को खोजना शुरू किया। उसका शव घर के बराबर स्थित पेड़ पर लटका मिला। यह देख घरवालों की चीख निकल गई। ग्रामीण आ गए। शव फंदे से नीचे उतारा। पप्पू के मोबाइल में एक वीडियो मिला। वीडियो खुदकुशी से पहले बनाया गया था। उस समय अंधेरा था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:लखनऊ में युवती के कपड़े फाड़े, चेहरे पर रगड़ा जूता, दारोगा पर कई गंभीर आरोप

वीडियो में पप्पू का चेहरा साफ नहीं दिख रहा था। उसकी आवाज सुनाई पड़ रही है। दो मिनट 20 सेकेंड के वीडियो में उसने अपनी मौत का जिम्मेदार पंचायत सचिव रश्मि राठौर को बताया। इस जानकारी के बाद आक्रोश फैल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस को भी ग्रामीणों के गुस्से का सामना करना पड़ा। वे शव नहीं उठने दे रहे थे। कार्रवाई की मांग कर रहे थे। पुलिस ने जैसे-तैसे उन्हें समझाया। शव को उठाया। मामले की जांच चल रही है। देर रात तक इस संबंध में मुकदमा दर्ज नहीं हुआ था। मृत्यु पूर्व वीडियो ग्राम विकास अधिकारी के गले की फांस बन गया है। पुलिस भी नहीं समझ पा रही है कि क्या करे।

भतीजे का जन्म प्रमाण पत्र बनवाना था

पप्पू मजदूरी करता था। मोबाइल ठीक से चलाना नहीं जानता था। पिछले दिनों वह अपने भतीजे के जन्म प्रमाण पत्र के संबंध में ग्राम विकास अधिकारी रश्मि राठौर से मिला था। बच्ची का जन्म बिहार में हुआ है। उन्होंने कहा कि यहां से जन्म प्रमाण पत्र नहीं बन सकता। इसके बाद पप्पू के मोबाइल से उनके पास एक भड़काऊ वीडियो पहुंचा। जिसमें एक युवती को काटा जा रहा था। रश्मि राठौर की तरफ से इस संबंध में रुनकता चौकी पर तहरीर दी गई थी। पुलिस ने पप्पू को फोन किया था। इसी के बाद से वह दहशत में था।

किसी ने कर दिया नंबर सेव

पप्पू के घरवालों का कहना है कि पता नहीं वीडियो कैसे पहुंच गया। पप्पू को मोबाइल चलाना नहीं आता था। वह लोगों से पूछ-पूछकर मोबाइल का प्रयोग करता था। पप्पू ग्राम विकास अधिकारी को वीडियो नहीं भेज सकता। किसी और ने उसके मोबाइल से वीडियो भेज दिया होगा।

किसी को खुदकुशी के लिए नहीं उकसाया

ग्राम विकास अधिकारी रश्मि राठौर का कहना है कि उन्होंने किसी को खुदकुशी के लिए विवश नहीं किया। उनके पास एक आपत्तिजनक वीडियो व्हाट्सएप पर आया था। उसी की शिकायत पुलिस से की थी। पुलिस को कार्रवाई करनी थी। उनका पप्पू से कोई विवाद नहीं हुआ था। पुलिस जांच कर सकती है।

पत्नी और बच्चों का हाल बेहाल

पप्पू की मौत ने उसके परिवार को बुरी तरह हिला दिया है। पत्नी रिहाना का रो-रोकर बुरा हाल है। तीन बच्चे हैं। अब उनका क्या होगा, यह चिंता हर किसी को सता रही है। पप्पू का खुद का मकान तक नहीं है। भाई ने अपने प्लॉट में रहने के लिए जगह दी थी। वहीं, एसीपी हरीपर्वत अक्षय महाडिक ने कहा कि खुदकुशी के मामले में पुलिस जांच कर रही है। साक्ष्यों के आधार पर इस मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।