CMS told her to quit her job and cook at home. Female employee complained to DM सीएमएस बोले-नौकरी छोड़ घर पर रोटी बनाओ, महिला कर्मचारी ने डीएम से की शिकायत, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

सीएमएस बोले-नौकरी छोड़ घर पर रोटी बनाओ, महिला कर्मचारी ने डीएम से की शिकायत

उत्तर प्रदेश के कानपुर में महिला कर्मचारी ने सीएमएस ने आरोप लगाए हैं। महिला ने कहा कि सीएमएस ने नौकरी छोड़कर और घर पर रोटी बनाने तक को कह दिया। औरतों को नौकरी ही नहीं करने की बात भी सबके सामने कही। 

Mon, 22 Sep 2025 06:49 AMDeep Pandey लाइव हिन्दुस्तान
share
सीएमएस बोले-नौकरी छोड़ घर पर रोटी बनाओ, महिला कर्मचारी ने डीएम से की शिकायत

स्वास्थ्य विभाग के आला अधिकारियों की कार्यशैली पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। इसी कड़ी में कानपुर के कांशीराम अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी पर उनकी ही मातहत महिला कर्मचारी ने संगीन आरोप लगाए हैं। नवरात्र के लिए अवकाश मांगने पर अपशब्द कहने और नौकरी छोड़कर और घर पर रोटी बनाने तक को कह दिया। औरतों को नौकरी ही नहीं करने की बात भी सबके सामने कही। फिलहाल महिला कर्मचारी ने डीएम से सीएमएस की शिकायत की है। साथ ही मुख्यमंत्री तक गुहार लगाने का दावा किया है।

कांशीराम अस्पताल की पैथोलॉजी में तीन साल से लैब टेक्नीशियन के पद पर काम कर रहीं दिशा अग्निहोत्री ने डीएम को शिकायत पत्र में आरोप लगाया कि 19 सितंबर को सुबह 11 बजे अवकाश के लिए प्रार्थना पत्र मुख्य चिकित्सा अधीक्षक के कार्यालय में दिया था। इसके कुछ ही समय बाद सीएमएस डॉ. नवीन चन्द्रा आठ-दस लोगों के साथ लैब में आए। उन्होंने अपमानजनक और भद्दी-भद्दी भाषा का प्रयोग किया और कहा कि तुमको कोई छुट्टी नहीं मिलेगी। अगर छुट्टी लेनी है तो नौकरी छोड़कर घर में रोटी बनाओ। औरतों को नौकरी नहीं करनी चाहिए। विरोध करने पर कहा कि नौकरी करनी है तो नियम से नहीं मेरी मर्जी से करनी होगी। वरना नौकरी करना हराम कर दूंगा। मेरा कोई भी कुछ बिगाड़ नहीं सकता।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पति कहता है तेरे जैसी 300-300 रुपये में मिलती हैं, पत्नी ने कराया मुकदमा

रुपये देने से मना किया तो सरेआम अपमानित :

दिशा ने आरोप लगाया कि अस्पताल में अवकाश लेने के बदले रुपये देने पड़ते हैं। बिना रुपये कभी किसी को छुट्टी नहीं दी गई है। इस बार भी उससे दो दिन की छुट्टी के बदले एक हज़ार रुपये मांग गए थे। रुपये देने से मना करने पर उसका जानबूझकर सबके सामने अपमान करके उत्पीड़न किया गया। घटना के बाद से अत्यधिक भयभीत और असहज महसूस कर रही है।

इलाज, सर्जरी के नाम पर भी वसूली का खेल

लैब टेक्नीशियन ने सीएमएस पर भ्रष्टाचार में लिप्त कर्मचारियों को संरक्षण देने और ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ कर्मचारियों का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। अस्पताल में इलाज और सर्जरी के नाम पर मरीज़ों से वसूली की जा रही है। कई बार शिकायत की गई तो मामले को दबा दिया गया।

मेरे ऊपर लगाए आरोप गलत

अस्पताल की महिला लैब टेक्नीशियन के संगीन आरोपों से घिरे सीएमएस डॉ. नवीन चन्द्रा कहते हैं कि वह अपना काम ईमानदारी से करते हैं। किसी से कोई भी बदसलूकी या रुपये की मांग नहीं की गई है। मरीजों को सरकारी व्यवस्था के तहत सुविधाएं दी जाती हैं। वसूली का सवाल नहीं उठता है। आरोप लगाने वाले खुद काम नहीं करना चाहते हैं, इसलिए बारी-बारी से आरोप लगाते हैं। वह हर जांच के लिए तैयार हैं।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।