cm yogi orders officials not to spare powerful land grabbers and mafias भू-माफिया और बाहुबलियों पर करें कठोर कार्रवाई, सीएम योगी ने अफसरों को दिए सख्त निर्देश, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

भू-माफिया और बाहुबलियों पर करें कठोर कार्रवाई, सीएम योगी ने अफसरों को दिए सख्त निर्देश

सीएम योगी ने कहा कि यदि कोई दबंग, माफिया किसी की जमीन जबरन कब्जा कर रहा हो तो उसके खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाए। गरीबों को उजाड़ने वाले कतई न बख्शे जाएं। जहां पैमाइश की जरूरत हो, वहां पैमाइश कराकर विवाद हल कराया जाए।

Mon, 29 Dec 2025 04:58 PMAjay Singh लाइव हिन्दुस्तान
share
भू-माफिया और बाहुबलियों पर करें कठोर कार्रवाई, सीएम योगी ने अफसरों को दिए सख्त निर्देश

सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अधिकारियों को आदेश दिया कि वे जमीन हड़पने वाले बाहुबलियों और भू-माफियाओं के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करें। गोरखपुर में जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान सोमवार को उन्होंने करीब डेढ़ सौ लोगों की शिकायतें सुनीं और अधिकारियों को उनके समाधान का निर्देश दिया। इस दौरान कुछ लोगों द्वारा जमीन कब्जाने की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने कठोर कानूनी कार्रवाई के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा यदि कोई दबंग, माफिया किसी की जमीन जबरन कब्जा कर रहा हो तो उसके खिलाफ कठोर से कठोर कार्रवाई की जाए। गरीबों को उजाड़ने वाले कतई न बख्शे जाएं। जहां पैमाइश की जरूरत हो, वहां पैमाइश कराकर विवाद का निस्तारण कराया जाए। पारिवारिक विवाद के मामलों में उन्होंने उभयपक्षों के साथ संवाद कर समाधान की राह निकालने के लिए निर्देशित किया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सीएम योगी के आदेश से 12 वीं तक के स्कूल बंद, परिषदीय में इस दिन तक रहेगी छुट्टी

प्रचंड ठंड के बावजूद जनता दर्शन में आए फरियादियों से सीएम योगी ने उनकी कुर्सियों के पास जाकर बात की। सीएम ने सभी लोगों से कहा-‘‘घबराइए मत, हर समस्या का समाधान कराएंगे, सरकार सबकी भरपूर मदद करेगी।’ जनता दर्शन में अधिकारियों से सीएम योगी ने कहा कि पीड़ित व्यक्ति की समस्या पर संवेदनशीलता से ध्यान दें और तत्परता से उसका समयबद्ध और पारदर्शी निस्तारण कराएं।

जनता दर्शन में कुछ लोग इलाज में आर्थिक मदद की गुहार लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने उनसे कहा कि इलाज में धन की कमी बाधक नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इलाज में अस्पताल के इस्टीमेट की प्रक्रिया को जल्द पूर्ण कराकर शासन में भेजें। मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से इलाज के लिए पर्याप्त राशि दी जाएगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:सीएम योगी का थानेदारों की तैनाती को लेकर बड़ा आदेश, अफसरों को सौंपी जिम्मेदारी

रुद्राभिषेक कर लोक मंगल की कामना की

मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने सोमवार सुबह रुद्राभिषेक कर देवाधिदेव महादेव से लोकमंगल की प्रार्थना की। हवन के साथ रुद्राभिषेक का अनुष्ठान पूर्ण कर उन्होंने सभी नागरिकों के सुख-समृद्धि की कामना की। वर्ष 2025 के अंतिम सोमवार की सुबह गोरखनाथ मंदिर के अपने आवास के प्रथम तल स्थित शक्तिपीठ में सीएम योगी ने भगवान भोलेनाथ को विल्वपत्र, दुर्वा, मदार पत्र, कमल पुष्प समेत अनेकानेक पूजन सामग्री अर्पित करने के बाद जल और दूध से रुद्राभिषेक किया। मठ के विद्वत आचार्यगण एवं पुरोहितगण ने शुक्ल यजुर्वेद संहिता के रुद्राष्टाध्यायी के महामंत्रों द्वारा रुद्राभिषेक संपन्न कराया। रुद्राभिषेक के बाद गोरक्षपीठाधीश्वर ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन किया। विधि विधान से पूर्ण हुए रुद्राभिषेक अनुष्ठान के उपरांत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों के आरोग्यमय, सुखमय, समृद्धमय और शांतिमय जीवन की मंगलकामना की।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News और Kanpur News के साथ-साथ UP Board Result, UP Board 10th Result, UP Board 12th Result और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।