5 हजार कार्यकत्रियों और 60 हजार सहायिकाओं को मिलेगी नौकरी, सीएम योगी का बड़ा ऐलान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने इसी वर्ष 5 हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और 60 हजार सहायिकाओं की भर्ती प्रक्रिया पूरी करने का ऐलान किया।

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि इसी वर्ष पांच हजार आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व 60 हजार सहायिकाओं को नौकरी दी जाएगी। इनकी भर्ती की प्रक्रिया चालू है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं का सम्मानजनक मानदेय जल्द बढ़ाया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लोक भवन में आयोजित कार्यक्रम में इसकी घोषणा की। उन्होंने कहा कि योगी ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले पोषाहार वितरण शराब माफिया के हाथ में था। बच्चों व मां के पोषाहार में डकैती डाली जा रही थी। जिसे मैनें रोका।
लोक भवन के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में योगी ने 69804 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व मुख्य सेविकाओं को स्मार्ट फोन बांटे। 18440 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र व 2 लाख से अधिक ग्रोथ मॉनीटरिंग डिवाइस का वितरण किया। इस मौके पर उन्होंने 450 करोड़ की लागत से बने 3170 आंगनबाड़ी भवनों व 140 बाल विकास परियोजना कार्यालय भवनों का लोकार्पण व शिलान्यास किया।
मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि होगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जल्द भव्य कार्यक्रम आयोजित कर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं को बढ़े मानदेय की सौगात दी जाएगी। मानदेय में सम्मानजनक वृद्धि की जाएगी और उन्हें न्यूनतम मानदेय की गारंटी भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि आउटसोर्सिंग कर्मियों का शोषण न हो इसके लिए निगम बनाया गया है।
अप्रैल से सभी विभाग आउटसोर्सिंग कर्मियों को बढ़ा मानदेय देंगे। योगी ने कहा कि स्मार्टफोन से काम में भी स्मार्टनेस आनी चाहिए। अब स्मार्ट फोन से रियल टाइम डेटा मिलने से राष्ट्रीय स्तर पर रैंकिंग भी सुधरेगी। विभाग का नाम और आपका सम्मान भी बढ़ेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब 2017 में मैंने सत्ता संभाली तो मैं हैरान था कि आखिर उत्तर भारत के सबसे बड़े शराब माफिया के पास आंगनबाड़ी केंद्रों पर पुष्टाहार बांटने का काम कैसे है। मैंने तत्काल नई व्यवस्था की। पहले धन लेकर भर्तियां की जाती थीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्ची व खर्ची चलती थी।
कार्यक्रम में महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य ने कहा कि 1.56 करोड़ लाभार्थियों को पोषाहार पारदर्शी ढंग से दिया जा रहा है। मालूम हो कि अभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को 8 हजार व सहायिकाओं को 4 हजार रुपये प्रति महीने मानदेय मिलता है। कार्यक्रम में राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला व अपर मुख्य सचिव लीना जौहरी आदि मौजूद रहीं।
चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए लोग सिर्फ भाषण दे सकते हैं
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव का नाम लिए बिना कहा कि जो मुंह में चांदी का चम्मच लेकर पैदा हुए हैं, उनसे उम्मीद ही क्या की जा सकती है। उन्हें तो सब अपने परिवार के लिए चाहिए। वह केवल मंच से भाषणबाजी कर सकते हैं और लोगों को जाति के आधार पर बांटने का काम कर सकते हैं। यह सरकार में रहते हुए पर्वों पर दंगा कराते हैं। गुंडों को महिलाओं व व्यापारियों को लूटने की छूट देते हैं।
आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के हौसले को सराहा
मुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना काल में फ्रंटलाइन वर्कर के रूप में आंगनाबड़ी कार्यकत्रियों व सहायिकाओं ने बेहतर काम किया। मैं उस दौरान दौरे पर जिस भी गांव में गया, वहां मुझे तीन लोग जरूर मिले आंगनबाड़ी कार्यकत्री, एएनएम व आशा वर्कर। आप यशोदा मैया की तरह बच्चों का ख्याल रखें। सुपोषित, साक्षर व सशक्त भारत के लिए आपकी भूमिका महत्वपूर्ण है। आप भारत के नींव के पत्थर को गढ़ने का कार्य कर रही हैं।
आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन का नया ले-आउट किया जारी
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में नए आंगनबाड़ी केंद्र भवनों की डिजाइन भी जारी की। अब 30.32 लाख रुपये से बनने वाले आंगनबाड़ी भवन में स्वास्थ्य जांच कक्ष, गतिविधि कक्ष, स्टोर रूम, रसोई व शौचालय भी होगा। क्योंकि 3 से 5 वर्ष तक के बच्चों के लिए प्री-प्राइमरी की व्यवस्था एनईपी में की गई है।
आज मंत्री जी ने गाना नहीं सुनाया
मुख्यमंत्री ने भाषण शुरू किया तो मंचासीन अतिथियों का नाम लेकर उनका अभिवादन किया। जब विभाग की राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला का नाम आया तो मुख्यमंत्री ने कहा कि आज उन्होंने गाना नहीं सुनाया।




साइन इन