यूपी में इस साल डेढ़ लाख से ज्यादा भर्तियां, CM योगी का ऐलान, जानें किस विभाग में कितनी वैकेंसी?
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी में इस साल 1.5 लाख से ज्यादा भर्तियां होंगी। विभिन्न आयोगों को लक्ष्य दिए गए हैं। भर्ती में धांधली रोकने के लिए सख्त कानून लागू है, दोषियों को उम्रकैद व संपत्ति जब्ती का प्रावधान है।

काम की बात: उत्तर प्रदेश में बड़े पैमाने पर सरकारी नौकरियों की तैयारी को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महत्वपूर्ण घोषणा की है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष राज्य में डेढ़ लाख से अधिक भर्तियों की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। यह बयान उन्होंने खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग में नवचयनित कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम के दौरान दिया। मुख्यमंत्री ने बताया कि विभिन्न भर्ती एजेंसियों को स्पष्ट लक्ष्य दिए गए हैं।
कई विभागों में भर्ती प्रक्रिया जारी है
अधीनस्थ सेवा चयन आयोग इस साल लगभग 32 हजार पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी करेगा, जबकि लोक सेवा आयोग के माध्यम से करीब 15 हजार नियुक्तियां की जाएंगी। इसके अलावा पुलिस भर्ती बोर्ड द्वारा सब-इंस्पेक्टर (SI) और होमगार्ड के पदों के लिए परीक्षा पहले ही कराई जा चुकी है, जिसमें करीब 45 हजार पद शामिल हैं। साथ ही 45 हजार अन्य पदों पर भर्ती प्रक्रिया भी तेजी से आगे बढ़ रही है।
भर्ती घोटाला रोकने के लिए सख्त कानून- योगी
योगी आदित्यनाथ ने भर्ती प्रक्रिया की पारदर्शिता पर जोर देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की धांधली को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सरकार ने नकल और भर्ती घोटालों पर रोक लगाने के लिए सख्त कानून बनाया है। इसके तहत यदि कोई भी व्यक्ति गड़बड़ी करते हुए पकड़ा जाता है, तो उसे आजीवन कारावास की सजा दी जाएगी और उसकी संपत्ति भी जब्त कर ली जाएगी। सीएम योगी ने पूर्व की सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले भर्ती प्रक्रियाओं में भ्रष्टाचार आम बात थी।
'चाचा-भतीजा' की जोड़ी वसूली में लगी रहती थी- योगी
उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय भर्ती बोर्ड के चेयरमैन एक ओर बैठे रहते थे, जबकि ‘चाचा-भतीजा’ जैसी जोड़ियां वसूली में लगी रहती थीं। जब मामला उजागर होता था, तो चेयरमैन को ही जिम्मेदार ठहराया जाता था। वर्तमान सरकार ने भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष बनाया है, जिससे युवाओं का भरोसा बढ़ा है। मुख्यमंत्री ने नवचयनित कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनसे ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने की अपेक्षा जताई।
किस विभाग में कितनी वैकेंसी?
यूपी पुलिस में 32,679 पदों पर 31 दिसंबर 2025 को भर्ती का ऐलान हुआ। मेल कैंडिडेट्स के लिए सिविल पुलिस में 10,469 और पीएसी में 15,131 पद हैं। महिला पीएसी के लिए अलग से 1341 पद हैं। जेल वॉर्डन के कुल 3385 पद हैं, इसमें 106 पद महिलाओं के लिए हैं। एप्लीकेशन फॉर्म 31 दिसंबर 2025 से 30 जनवरी 2026 तक भरा गया। 8, 9 और 10 जून 2026 को लिखित परीक्षा होगी।
ASO-ARO के पदों पर भर्ती
यूपी में इस वक्त लेखपाल के 7994 पदों पर भर्ती चल रही है। इस भर्ती के लिए 28 जनवरी तक फॉर्म भरा गया। 21 मई को परीक्षा होगी। UPSSSC ने असिस्टेंट स्टैटिस्टिकल ऑफिसर (ASO) और असिस्टेंट रिसर्च ऑफिसर (ARO) के लिए आवेदन मांगे हैं। इनमें 929 पदों में ASO के 916 पद हैं, ARO के 13 पद हैं। नोटिफिकेशन 21 अप्रैल को जारी हुआ। एप्लीकेशन फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 11 मई है।
यूपीएसएसएससी ने 2285 पदों पर भर्ती का ऐलान किया है। इनमें 548 पद असिस्टेंट ट्रेजरी अकाउंटेंट के लिए है। ऑडिटर के 419 पद, अमीन के 323 पद, एग्जीक्यूटिव ऑफिसर के 238 पद और क्लर्क के 229 पदों पर भर्ती होनी है।




साइन इन