कड़ाके की ठंड के बीच ऐक्शन में सीएम योगी, पूरे प्रदेश के लिए जारी किया ये आदेश
सीएम योगी ने गोरखपुर में रैन बसेरे की सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली। सभी से व्यवस्थाओं की बाबत संतोषजनक जवाब मिला। लोगों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार भी व्यक्त किया। दोनों रैन बसेरों में और उनके बाहर मुख्यमंत्री ने जरूरतमंदों को कंबल और भोजन का वितरण किया।

यूपी में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। इसे लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ऐक्शन मोड में हैं। उन्होंने पूरे उत्तर प्रदेश के लिए आदेश जारी किया है कि कोई भी व्यक्ति खुले में, फुटपाथ या पटरियों पर न सोए। भीषण शीतलहर के बीच जरूरतमंदों को सुरक्षित और सम्मानजनक आश्रय उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने बताया कि लोगों को ठंड से बचाने के लिए सभी जिलों को पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराई गई है। मुख्यमंत्री बुधवार को महानगर में नवनिर्मित दो अस्थाई रैन बसेरों के निरीक्षण के दौरान ये निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने जरूरतमंदों को कंबल और भोजन वितरित किया।
गोरखपुर दौरे पर पहुंचे मुख्यमंत्री बरगदवा-मोहरीपुर और राप्तीनगर में नवनिर्मित अस्थायी रैन बसेरों का निरीक्षण किया। वहां ठहरे लोगों से आत्मीय संवाद किया। रैन बसेरे की सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली। सभी से व्यवस्थाओं की बाबत संतोषजनक जवाब मिला। लोगों ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार भी व्यक्त किया। दोनों रैन बसेरों में और उनके बाहर मुख्यमंत्री ने जरूरतमंदों को कंबल और भोजन का वितरण किया। सभी को आश्वस्त किया कि सरकार उनकी सेवा और सहूलियत के लिए संकल्पित भाव से कार्य करती रहेगी।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सूबे के सभी जनपदों में भीषण शीतलहर का प्रकोप है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रदेश के सभी जिला प्रशासन और नगर निकायों को युद्धस्तर पर कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं। हर जिले में पूरी क्षमता से रैन बसेरों का संचालन किया जा रहा है। जरूरतमंदों में कंबल और ऊनी वस्त्रों का वितरण करने और सार्वजनिक स्थानों पर पर्याप्त संख्या में अलाव जलाने के निर्देश दिए गए हैं। इन कार्यों की बाकायदा निगरानी भी की जा रही है। उन्होंने बताया कि गोरखपुर में 19 स्थाई और अस्थाई रैन बसेरे संचालित हैं। एक हजार से अधिक जरूरतमंद महिलाओं और पुरुषों के लिए यहां इंतजाम है। जिसके पास अपना स्वयं रहने का ठिकाना नहीं है, वे लोग फुटपाथ पर गुजारा न करें बल्कि उन्हें रैन बसेरों में लाकर उचित व्यवस्था दी जाए।
स्वयंसेवी संगठन और धर्मार्थ संस्थाएं भी आगे आएं
मुख्यमंत्री ने स्वयंसेवी संगठनों और धर्मार्थ संस्थाओं से भी अपील की है कि वे भीषण शीतलहर में लोगों की सहायता के लिए आगे आएं। उन्होंने संस्थाओं से जरूरतमंदों में कंबल और ऊनी वस्त्रों के वितरण का आह्वान किया। कहा कि यह पुण्य और धर्मार्थ का कार्य है।
30 दिन में सीएम ने तीन बार जांची रैन बसेरों की व्यवस्था
ठंड में लोगों की सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री 30 दिन में तीसरी बार गोरखपुर में फील्ड में उतरे। इससे पहले उन्होंने 10 दिसंबर को रेलवे स्टेशन के सामने और झूलेलाल मंदिर के पीछे स्थित और 28 दिसंबर को टीपीनगर एवं धर्मशाला बाजार स्थित रैन बसेरों का जायजा लेकर कंबल-भोजन वितरित किया था।
ये मौजूद रहे
निरीक्षण के दौरान महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक विपिन सिंह, भाजपा के महानगर संयोजक राजेश गुप्ता, उप सभापति पवन त्रिपाठी, स्थानीय पार्षद धर्मदेव चौहान, पूनम सिंह, अजय ओझा, ऋषि मोहन वर्मा, पार्षद प्रतिनिधि बृजेश सिंह छोटू, शशांक सोनकर, वीर सिंह सोनकर के अलावा नगर आयुक्त गौरव सिंह सोगरवाल आदि उपस्थित रहे।




साइन इन