cm yogi adityanath in action on destruction caused by storm rain in up sent officers to field gave orders for relief यूपी आंधी-बारिश से तबाही को लेकर ऐक्शन में सीएम योगी, अफसरों को फील्ड में दौड़ाया; दिए ये आदेश, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

यूपी आंधी-बारिश से तबाही को लेकर ऐक्शन में सीएम योगी, अफसरों को फील्ड में दौड़ाया; दिए ये आदेश

मूसलाधार बारिश ने यूपी के अलग-अलग हिस्सों में कहर बरपा रखा है। कई नदियों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ जैसे हालात हैं। ऐसे में सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी संबंधित जिलों के अधिकारियों को फील्ड में जाने, सर्वे करने और राहत के कामों पर नजर रखने का आदेश दिया है।

Sat, 19 July 2025 06:33 PMAjay Singh लाइव हिन्दुस्तान
share
यूपी आंधी-बारिश से तबाही को लेकर ऐक्शन में सीएम योगी, अफसरों को फील्ड में दौड़ाया; दिए ये आदेश

यूपी के अलग-अलग हिस्सों में दो दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने कहर बरपा रखा है। सबसे ज्यादा नुकसान बुंदेलखंड में दिख रहा है। चित्रकूट में मंदाकिनी खतरे के निशान के ऊपर पहुंच गई जबकि यमुना भी उफान पर हैं। झांसी-ललितपुर में पानी गांवों में घुसने लगा है। बुंदेलखंड के जिलों में बारिशजनित हादसों में शुक्रवार को 17 की मौत हो गई। इस बीच सीएम योगी आदित्यनाथ ने इन घटनाओं का संज्ञान लेते हुए प्रदेश के सभी संबंधित जिलों के अधिकारियों को फील्ड में जाने, सर्वे करने और राहत के कामों पर नजर रखने का आदेश दिया है।

सीएम ने कहा कि राहत के काम युद्ध स्तर पर किए जाने चाहिए। आम जनता की सुरक्षा सरकार की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने प्रभावितों के बीच राहत राशि का वितरण तत्काल करने और घायलों के समुचित इलाज सुनिश्चित करने का आदेश दिया। बाढ़ और आपदा को लेकर अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने जल निकासी की उचित और कारगर व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:अकेला नहीं छांगुर, यूपी में लड़कियों का धर्मांतरण करा रहे एक और गैंग का खुलासा

भारी बारिश से मची ऐसी तबाही

यूपी के अलग-अलग हिस्सों में भारी बारिश से तबाही मची है। सबसे ज्यादा तबाही बुंदेलखंड में देखने को मिली। शुक्रवार को बांदा के बिसंडा क्षेत्र में बारिश के बीच मकान गिरने से भाई-बहन की मौत हो गई। वहीं, तिंदवारी क्षेत्र में उफनाए नाले में दो सगे भाई बह गए। दोनों के शव बरामद हो गए हैं। गिरवां में एक युवक पर घर की दीवार गिर पड़ी। मलबे में दबकर उसकी मौत हो गई। चित्रकूट में घर गिरने से मासूम भाई-बहन मलबे में दब गए। दोनों की मौत हो गई। वहीं, रैपुरा क्षेत्र में शुक्रवार शाम सुजउवा तालाब में डूबने से मासूम भाई-बहनों की जान चली गई। एमपी से सटे खटिकाना मोहल्ले में दो महिलाओं पर दीवार गिर पड़ी। एक की मौत हो गई जबकि एक को भर्ती कराया गया है।

शिवरापुर क्षेत्र में एक दिन पूर्व मछली मारते समय पैर फिसलने से चेकडैम में डूबे दो किशोरों के शव शुक्रवार बरामद हुए। हमीरपुर में उफनाए नाले में डूबने से एक बच्चे की मौत हो गई। महोबा के सिजहरी गांव में मकान ढहने से मां-बेटे की दबकर मौत हो गई। वहीं, जैतपुर क्षेत्र के रगोलिया बुजुर्ग गांव में तेज बारिश के बाद दूसरी मंजिल में बनी रसोई की छत ढहने से खाना बना रही महिला और उसके पति दब गए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:UP: नामी सीए के घर-ऑफिस पर इनकम टैक्स की रेड, भारी रिटर्न छूट दिलाने का मामला

दोनों को मलबे से निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ललितपुर में बारिश के बीच मकान गिरने से एक महिला की मौत हो गई। झांसी में सुखनई नदी के तेज बहाव में एक बह गया। एसडीआरएफ उसकी तलाश कर रही है। मऊरानीपुर क्षेत्र में दोस्तों के साथ सपरार बांध घूमने आया एक युवक नरुआ तालाब में डूब गया। देर शाम तक तलाश जारी लेकिन पता नहीं चल पाया। उरई में दर्जनभर मकान गिरने की सूचना है। यहां का मलंगा नाला ओवरफ्लो होकर बह रहा है।

इटावा के सैफई में बारिश के दौरान पेड़ गिरने से एक युवक की दबकर जान चली गई। वहीं, यमुना का जलस्तर बढ़ने से मऊ क्षेत्र के तटीय गांवों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। मऊ से मवईकलां मार्ग में कौशकी नदी में निर्माणाधीन पुल के बगल से बने कच्चे मार्ग पर बाढ़ का पानी भरने से आसपास के कई गांवों से संपर्क कट गया है। नावों से लोग आ-जा रहे हैं। इसके अलावा बरदहा नदी के उफनाने से आसपास गांवों से संपर्क कट गया है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।