छांगुर बाबा की सहयोगी नीतू के खाड़ी देशों में भी खाते, करोड़ों के लेन-देन का खुलासा
यूपी एटीएस ने 5 जुलाई को छांगुर और नीतू को गिरफ्तार किया था। जांच में सामने आया है कि खाड़ी देशों में खुलवाए गए बैंक खातों में भी करोड़ों का लेन-देन हुआ है। इनमें एक भी खाता छांगुर के नाम नहीं। हर खाते में मुख्य नाम छांगुर की सहयोगी नीतू का है।

अवैध धर्मांतरण के आरोपी जलालुद्दीन उर्फ छांगुर और उसकी सहयोगी नीतू उर्फ नसरीन की जांच में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। खुफिया एजेन्सियों की जांच में सामने आया है कि खाड़ी देशों में खुलवाए गए बैंक खातों में भी करोड़ों का लेन-देन हुआ है। इनमें एक भी खाता छांगुर के नाम नहीं। हर खाते में मुख्य नाम नीतू का और सहयोगी के तौर पर पति नवीन रोहरा का नाम है। इन खातों से काफी रकम आजमगढ़ और बलरामपुर में खोले गए खातों में भी भेजी गई।
एटीएस ने पांच जुलाई को छांगुर व नीतू को गिरफ्तार किया था। उस समय ही यह बात सामने आई थी कि छांगुर की 40 से अधिक संस्थाएं हैं, जिनमें 100 करोड से अधिक का लेन-देन हो चुका है। इन संस्थाओं के खाते यूपी, दिल्ली में बताए गए थे। जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ती गई, वैसे-वैसे कई खुलासे होते गए। ईडी के साथ ही एटीएस और अन्य खुफिया जांच एजेन्सियों कई बिन्दुओं पर छांगुर का गिरोह नेटवर्क और आर्थिंक स्त्रोत के बारे में पड़ताल कर रही हैं।
इन पांच विदेशी खातों में रकम ज्यादा
जांच में ही सामने आया कि खाड़ी देशों की पांच बैंकों में नीतू व नवीन ने करोड़ों का लेन-देन किया। इन बैंकों में अल-नाहदा, मशरफ बैंक, वोस्ट्रो बैंक, एमिरेटस और अल-अंसारी एक्सचेंज शामिल है। इनसे ईडी ने भी ब्योरा देने को कहा है। सूत्र बताते हैं कि चार सालों में इन बैंकों से करोड़ों का लेन देन हुआ है। बलरामपुर और आजमगढ़ में चार खातों में समय-समय पर काफी रकम भेजी गई है। जांच एजेन्सियां अब इस ब्योरे को ही खंगाल रही है।
छांगुर की रिमाण्ड का इंतजार
ईडी ने छांगुर व नवीन को रिमाण्ड पर देने के लिए कोर्ट में अर्जी दे रखी है। इस पर 28 जुलाई को सुनवाई होनी है। छांगुर की रिमाण्ड का इंतजार कर रही ईडी को पूछताछ में कई और नई जानकारियां हाथ लगने की उम्मीद है। उधर, ईडी ने एटीएस की रिमाण्ड पर आए छांगुर व नीतू की इंट्रोगेशन रिपोर्ट भी मांगी है। ईडी पूछताछ से पहले कई तथ्य जुटा लेना चाह रही है।




साइन इन