chandauli sakaldiha railway accident brahmaputra mail passenger death stone hit दिल्ली से बिहार लौट रहे युवक के लिए 'काल' बना उड़ता पत्थर, चलती ट्रेन में मौत से हड़कंप, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

दिल्ली से बिहार लौट रहे युवक के लिए 'काल' बना उड़ता पत्थर, चलती ट्रेन में मौत से हड़कंप

दिल्ली से कामाख्या जा रही ब्रह्मपुत्र मेल में सकलडीहा स्टेशन के पास एक बड़ा हादसा हो गया। गेट पर खड़े 19 वर्षीय युवक अंकित के सिर में अचानक पत्थर लगने से उसकी मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि पत्थर पटरी से छिटका या किसी ने फेंका था।

Thu, 14 May 2026 08:32 PMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान, सकलडीहा (चंदौली), हिन्दुस्तान संवाद
share
दिल्ली से बिहार लौट रहे युवक के लिए 'काल' बना उड़ता पत्थर, चलती ट्रेन में मौत से हड़कंप

पीडीडीयू (मुगसराय) -पटना रेलखंड पर गुरुवार को एक ऐसी अनहोनी हुई जिसने रेल यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। दिल्ली से चलकर कामाख्या की ओर जा रही 15657 डाउन ब्रह्मपुत्र मेल में सफर कर रहे एक 19 वर्षीय युवक की पत्थर लगने से मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना सकलडीहा स्टेशन के समीप तब हुई जब युवक ट्रेन के दरवाजे के पास पायदान पर खड़ा था।

घर वापसी की खुशी मातम में बदली

मृतक की पहचान बिहार के मुंगेर जिले के जमालपुर (सदर बाजार) निवासी अंकित कुमार (19 वर्ष) के रूप में हुई है। अंकित अपने साथी बजरंगी बिंद के साथ दिल्ली की एक आइसक्रीम फैक्ट्री में मजदूरी करता था। दोनों दोस्त घर लौटने के लिए बुधवार रात पुरानी दिल्ली स्टेशन से जनरल कोच में सवार हुए थे। गुरुवार सुबह करीब 11 बजे जब ट्रेन पीडीडीयू जंक्शन से आगे बढ़ी, तो अंकित ताजी हवा के लिए कोच के पायदान पर जाकर खड़ा हो गया। उसे क्या पता था कि यह उसका आखिरी सफर साबित होगा।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:इस जिले में अब बुलडोजर ऐक्शन की तैयारी, निशाने पर वकीलों के 200 से ज्यादा चैंबर

कैसे हुआ हादसा?

प्रत्यक्षदर्शियों और अंकित के साथी के अनुसार, सुबह करीब पौने 11 बजे जब ट्रेन सकलडीहा स्टेशन से पहले गुजर रही थी, तभी अप लाइन (विपरीत दिशा) से एक दूसरी ट्रेन गुजरी। इसी दौरान अचानक एक बड़ा पत्थर गोली की रफ्तार से आया और सीधे अंकित के सिर में जा लगा। पत्थर लगते ही अंकित लहूलुहान होकर अचेत हो गया। साथी बजरंगी ने आनन-फानन में उसे पकड़ा और सकलडीहा स्टेशन पर चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवाई।

अस्पताल पहुंचने से पहले थमीं सांसें

स्टेशन मास्टर राकेश कुमार ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) सकलडीहा भिजवाया। हालांकि, चोट इतनी गंभीर थी कि अस्पताल पहुँचने से पहले ही अंकित ने दम तोड़ दिया। चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। अंकित के साथी बजरंगी बिंद का कहना है कि यह पत्थर या तो पटरी से छिटककर लगा है या फिर किसी अराजक तत्व ने जानबूझकर ट्रेन पर फेंका था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हर मकान, प्लॉट, दुकान का होगा डिजिटल रिकार्ड, एक क्लिक पर मिलेगी पूरी जानकारी
ये भी पढ़ें:राजधानी लखनऊ में प्लाट लेने का मौका, प्राइम लोकेशन पर फ्लैट-दुकानें भी ले सकेंगे

जांच में जुटी जीआरपी

घटना की सूचना मिलते ही पीडीडीयू जीआरपी के उपनिरीक्षक अश्विनी कुमार मौके पर पहुँचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया जा रहा है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि पत्थर गिरने की वजह क्या थी। युवक के परिजनों को सूचना दे दी गई है, जिसके बाद से घर में कोहराम मचा हुआ है। रेलवे ने एक बार फिर यात्रियों से अपील की है कि वे सफर के दौरान गेट या पायदान पर खड़े न हों।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।