प्रेमी ने पेट्रोल डालकर जलाई युवती की आठ दिन बाद दिल्ली अस्पताल में मौत
Bulandsehar News - प्रेमी ने पेट्रोल डालकर जलाई युवती की आठ दिन बाद दिल्ली अस्पताल में मौत

प्रेम प्रसंग से जुड़े एक मामले में प्रेमी द्वारा पेट्रोल डालकर जलाई गई युवती की आठ दिन बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। युवती ने दिल्ली के सफदरजंग हॉस्पिटल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जिससे परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने प्रेमी की मां, भाई और दो बहनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया। साथ ही आरोपियों के एनबीडब्ल्यू वारंट जारी हो गए हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार शिकारपुर नगर निवासी 20 वर्षीय युवती एक विद्यालय में शिक्षिका थी। उक्त युवती 25 अप्रैल को अहमदगढ़ थाना क्षेत्र के गांव सालवानपुर में अपने प्रेमी आशीष की सगाई तय होने की सूचना मिलने पर उससे मिलने उसके घर गई थी।
इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि प्रेमी आशीष तथा उसके परिजनों ने युवती पर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जला दिया। गंभीर रूप से झुलसी युवती को पहले स्थानीय स्तर पर उपचार दिया गया, लेकिन हालत नाजुक होने पर उसे दिल्ली रेफर कर दिया गया था। जहां आठ दिन तक जिंदगी और मौत से जूझने के बाद शुक्रवार रात उसकी दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में मौत हो गई। पीड़िता के पिता ने प्रेमी आशीष सहित मां-भाई-दो बहनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी प्रेमी आशीष को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक आरोपी हिरासत में है। उससे पूछताछ जारी है। अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।उधर शनिवार शाम अनूपशहर गंगा तट पर युवती का अंतिम संस्कार कर दिया गया। थाना प्रभारी विशंभर दयाल का कहना है कि मामले में सख्त कार्रवाई की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन