मोहर्रम पर हुड़दंगियों की खैर नहीं, अवैध हथियार लेकर चलने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
Bulandsehar News - मोहर्रम पर हुड़दंगियों की खैर नहीं, अवैध हथियार लेकर चलने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

आगामी मोहर्रम त्योहार को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए बुलंदशहर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रही है। एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने कानून-व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के लिए जिले के सभी थाना प्रभारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए हैं। एसएसपी ने दो टूक शब्दों में चेतावनी दी है कि सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी दशा में अवैध अस्त्र-शस्त्र का प्रदर्शन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कोई भी व्यक्ति अवैध हथियार लेकर चलता पाया गया, तो उसके खिलाफ तत्काल विधिक कार्रवाई की जाएगी। नई परंपरा डालने पर कार्रवाई की जाएगी। खुर्जा नगर क्षेत्र को अतिसंवेदनशील की श्रेणी में रखा गया है।
मोहर्रम की तिथियाँ
गौरतलब है कि मोहर्रम 17 जून 2026 से शुरू हो रहा है, जबकि मुख्य ताजिया और जुलूस का दिन 26 जून 2026 को मनाया जाना प्रस्तावित है। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि ताजियों की ऊंचाई पूरी तरह से मानक और स्थापित परंपरा के अनुरूप ही होनी चाहिए। जुलूस केवल निर्धारित रूटों से ही निकाले जाएंगे और किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी। ताजियों के रास्तों में आने वाले बिजली के तारों और अन्य बाधाओं का पहले ही आकलन कर लिया जाए। इसके साथ ही, छतों और रास्तों पर जमा पत्थर, ईंट या खाली बोतलें जैसी सामग्री को तुरंत हटवाया जाए, ताकि सुरक्षा में कोई चूक न हो। एसएसपी ने बताया कि जुलूस मार्गों पर 690 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं। बुलंदशहर पुलिस ने जिले में 22 संवेदनशील/हॉटस्पॉट स्थानों को चिन्हित किया है, जबकि जुलूस मार्गों पर 14 संवेदनशील स्थान हैं। इस बार जनपद का खुर्जा नगर थाना क्षेत्र अतिसंवेदनशील घोषित किया गया है। मिश्रित आबादी और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा के लिए सैकड़ों पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। इन इलाकों में ड्रोन कैमरों के जरिए छतों और तंग गलियों की निगरानी की जाएगी। इसके अलावा, यूपी-112 के वाहनों का विशेष रूट मैप तैयार किया गया है ताकि सार्वजनिक यातायात बाधित न हो। एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अगले 3 दिनों के भीतर चौकी, थाना और जनपद स्तर पर ताजियादारों और शांति समिति के साथ बैठकें सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
सोशल मीडिया पर निगरानी
एसएसपी ने बताया कि सोशल मीडिया सेल को पूरी तरह सतर्क कर दिया गया है। किसी भी तरह की अफवाह या आपत्तिजनक पोस्ट फैलाने वालों पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। पिछले 5 वर्षों के यूपी-112 के इवेंट लॉग का अध्ययन कर समस्याओं का आकलन किया जाए। त्योहार रजिस्टर और रजिस्टर नंबर-8 के आधार पर अवांछनीय तत्वों की सूची अपडेट कर निरोधात्मक कार्रवाई की जाए।
एक नजर---
कुल मजलिस: 20 स्थानों पर 31 मजलिसें प्रस्तावित हैं।
कुल जुलूस: जिले भर में 256 जुलूस निकाले जाएंगे।
ताजियों की संख्या: जुलूसों में कुल 398 ताजिए शामिल होंगे।
कुल कर्बला: जिले में कुल 45 कर्बला चिन्हित हैं।
जुलूस मार्गों पर 690 सीसीटीवी कैमरे लगाए जा चुके हैं।
कोट--
मोहर्रम को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पुलिस बल को हेलमेट और बॉडी प्रोटेक्टर से लैस कर 'क्लस्टर व्यवस्था' के तहत तैनात रखा जाएगा। संवेदनशील स्थानों पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस पिकेट मौजूद रहेंगे।
- दिनेश कुमार सिंह, एसएसपी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन