आई लव मोहम्मद नारे को लेकर बृजभूषण शरण सिंह का बड़ा बयान, बोले-हमें कोई दिक्कत नहीं, बशर्ते...
यूपी में आई लव मोहम्मद नारे को लेकरपूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि किसी को भी आई लव मोहम्मद से दिक्कत नहीं है और न किसी को होनी चाहिए। लेकिन इस बहाने देश में सद्भाव बिगाड़ने का काम होता है तो तकलीफ होती है।

यूपी में आई लव मोहम्मद को लेकर बढ़ रहे विवाद के बीच भाजपा के नेता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि किसी को भी आई लव मोहम्मद से दिक्कत नहीं है और न किसी को होनी चाहिए। लेकिन इस बहाने देश में सद्भाव बिगाड़ने का काम होता है, किसी दूसरे संप्रदाय को नीचा दिखाने की कोशिश की जाती है। तकलीफ होती है।
एक कार्यक्रम के दौरान बृजभूषण शरण सिंह ने कहा, आप मोहम्मद साहब से प्यार करिए किसी को तकलीफ नहीं है। क्योंकि हम भी कृष्ण से प्यार करते हैं। राम को प्यार करते हैं। इसमें कोई दिक्कत नहीं है। इसके पीछे मंशा क्या है? अगर मंशा है कि सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ेंगे। किसी को नीचा दिखाएंगे। तो भाजपा की सरकार में ये चलने वाला नहीं है। एक सवाल के जबाव में कहा कि सरकार सतर्क है। और प्रदेश का माहौल किसी भी बहाने बिगाड़ने की कोशिश की गई तो बर्दाश्त नहीं होगा। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।
यूपी में पोस्टर वार
उधर, पंचायत चुनावों से पहले उत्तर प्रदेश की राजनीति एक बार फिर ध्रुवीकरण के मुहाने पर खड़ी हो गयी है। राजनीतिक दलों के बीच पोस्टर वार शुरू हो गया है। भारतीय जनता पार्टी की ओर से लगाये 'आई लव योगी आदित्यनाथ जी' के पोस्टर के जवाब में समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर समा समर्थकों ने 'आई लव अखिलेश यादव' के पोस्टर लगाया है और अपनी एकजुटता दिखाई है। पोस्टर वार की शुरुआत लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की दो दिवसीय रायबरेली यात्रा के दौरान हुई थी।
इस दौरान सपा के प्रदेश सचिव राहुल निर्मल बागी ने ब्रह्मा-विष्णु-महेश के पोस्टर लगा कर सनसनी फैला दी थी। पोस्टर में तेजस्वी, राहुल गांधी और अखिलेश यादव को भगवान का दर्जा दिया गया था। पोस्टर में लिखा था कि 'इंडिया की अंतिम आस, कलयुग के ब्रह्मा, विष्णु , महेश।' फोटो में तेजस्वी को भगवान ब्रह्मा का दर्जा और राहुल गांधी को भगवान विष्णु का दर्जा दिया गया था, जबकि अखिलेश को भगवान महेश का अवतार बताया गया था।




साइन इन