Brijbhushan Sharan Singh s helicopter got stuck in bad weather, pilot made a safe landing in a field बृजभूषण शरण सिंह का हेलीकॉप्टर खराब मौसम में फंसा, पायलट ने खेत में कराई सुरक्षित लैंडिंग, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

बृजभूषण शरण सिंह का हेलीकॉप्टर खराब मौसम में फंसा, पायलट ने खेत में कराई सुरक्षित लैंडिंग

यूपी के बाहुबली नेता और पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का हेलीकाप्टर गुरुवार को खराब मौसम में फंस गया। उनके पायलट ने सूझबूझ का परिचय दिया और हेलीकाप्टर को सुरक्षित एक खेत में उतार लिया। बृजभूषण शरण सिंह बिहार में भाजपा प्रत्याशियों के लिए प्रचार करने गए थे। 

Thu, 30 Oct 2025 10:00 PMYogesh Yadav लाइव हिन्दुस्तान
share
बृजभूषण शरण सिंह का हेलीकॉप्टर खराब मौसम में फंसा, पायलट ने खेत में कराई सुरक्षित लैंडिंग

यूपी के बाहुबली नेता और कैसरगंज से पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के साथ गुरुवार को बड़ा हादसा टल गया। बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में प्रचार के लिए गए बृजभूषण का हेलीकॉप्टर खराब मौसम के कारण रास्ते में फंस गया। पायलट ने सूझबूझ दिखाते हुए हेलीकॉप्टर को एक खेत में सुरक्षित उतार लिया। बृजभूषण ने सोशल मीडिया पर खुद पूरी घटना की जानकारी साझा की और समर्थकों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। यहां से सड़क मार्ग से पटना के लिए रवाना हुए।

घटना बिहार के संदेश विधानसभा क्षेत्र से दिनारा विधानसभा क्षेत्र जाते समय हुई। बृजभूषण पहले संदेश में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में जनसभा को संबोधित कर चुके थे। इसके बाद वे हेलीकॉप्टर से दिनारा के लिए रवाना हुए, लेकिन रास्ते में अचानक मौसम बिगड़ गया। घने बादल, तेज हवाएं और कम विजिबिलिटी के कारण पायलट ने जोखिम लेने के बजाय नीचे खेत में लैंडिंग का फैसला किया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:20 गोली मारते, एक लिखवाते कहने वाले डॉक्टर का नया वीडियो, बोले- मेरा दिमाग खराब

पायलट की तत्परता से सभी सुरक्षित

हेलीकॉप्टर में बृजभूषण के अलावा उनके निजी स्टाफ और कुछ स्थानीय कार्यकर्ता सवार थे। लैंडिंग के दौरान किसी को चोट नहीं आई। पायलट ने तकनीकी रूप से सही जगह चुनकर हेलीकॉप्टर को खेत में उतारा, जिससे कोई नुकसान नहीं हुआ। मौसम साफ होने का इंतजार करने के बाद बृजभूषण ने हेलीकॉप्टर छोड़ दिया और सड़क मार्ग से आगे की यात्रा शुरू की।

सोशल मीडिया पर बयान

बृजभूषण ने इसे लेकर एक्स पर कहा कि संदेश विस क्षेत्र से सभा कर दिनारा जा रहा था। रास्ते में मौसम खराब हो गया, इसलिए पायलट ने खेत में हेलीकॉप्टर उतार दिया। मैं पूरी तरह सुरक्षित हूं। अफवाहें फैलाने वालों से सावधान रहें। अब गाड़ी से पटना जा रहा हूं। दिनारा की सभा स्थगित। पोस्ट के साथ उन्होंने खेत में खड़े हेलीकॉप्टर की तस्वीर भी साझा की।

दिनारा की सभा रद्द, पटना के लिए सड़क मार्ग से रवाना

खराब मौसम और समय की कमी के चलते बृजभूषण ने दिनारा में प्रस्तावित जनसभा रद्द कर दी। वे अब सड़क मार्ग से पटना रवाना हुए। जहां आगे का चुनावी दौरा निर्धारित है।बृजभूषण बिहार में कई सीटों पर भाजपा-एनडीए प्रत्याशियों के लिए प्रचार कर रहे हैं। वे कुश्ती संघ विवाद के बाद भी मैदान में सक्रिय हैं और बिहार में अपनी लोकप्रियता का इस्तेमाल पार्टी के लिए कर रहे हैं। इस घटना के बाद भी उन्होंने प्रचार जारी रखने का ऐलान किया है।

मौसम विभाग की चेतावनी

बिहार में इन दिनों मौसम अस्थिर है। मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश और आंधी की चेतावनी जारी की है। इसके कारण हवाई यात्रा प्रभावित हो रही है। विशेषज्ञों का कहना है कि चुनावी मौसम में नेताओं को हेलीकॉप्टर यात्रा में सावधानी बरतनी चाहिए।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।