20 मिनट में रिश्ता तोड़ने वाली दुल्हन के यू-टर्न ने सबको चौंकाया, दूल्हे को फोन मिलाया; फिर..
यूपी के देवरिया में 20 मिनट में रिश्ता तोड़ने वाली दुल्हन के यू-टर्न ने सबको चौंका दिया। जाने क्या हुआ कि दुल्हन का मन बदल गया। उसने पति को एक नहीं, तीन बार फोन कर विदाई कराने की मिनती की है।
सात जन्मों तक साथ निभाने का वादा करने के बाद ससुराल पहुंची नई-नवेली दुल्हन ने 20 मिनट में ही रिश्ते को ठुकरा दिया। ससुराल में रहने से इन्कार करते हुए मायके लौट आई। मान-मनौव्वल का दौर चला, पंचायत हुई, पर दुलहन नहीं मानी। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को दिया-लिया सामान भी वापस कर दिया। हफ्तेभर भी नहीं बीते और इस मामले में आए यू टर्न ने सबको चौंका दिया। जाने क्या हुआ कि दुल्हन का मन बदल गया। उसने पति को एक नहीं, तीन बार फोन कर विदाई कराने की मिनती की है। हालांकि, अब पति ने साथ रखने से इनकार कर दिया है। मामला यूपी के देवरिया का है।
भलुअनी कस्बा निवासी एक युवक की शादी सलेमपुर उपनगर में तय हुई। गत 25 नवंबर को देवरिया शहर स्थित एक मैरेज हॉल में बारात आई। लड़की पक्ष ने बारातियों का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया। द्वारपूजा के बाद जयमाल की रस्म पूरी की गई। भोर तक शादी भी संपन्न हो गई। अगले दिन दोपहर बाद नई-नवेली दुल्हन अपनी ससुराल पहुंची। अभी मुंह दिखाई की रस्म भी पूरी नहीं हो पाई थी कि ससुराल में रहने से इनकार करते हुए दुलहन घर की चौखट से बाहर आ गई। उसने तत्काल मायके वालों को बुलाने को कहा। ससुरालियों ने उसे समझाने-मनाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी।
मायके वाले पहुंचे और पांच घंटे तक पंचायत चली, पर बात नहीं बनी। दुल्हन ने ससुरालियों का व्यवहार अच्छा न होने का हवाला देते हुए वहां रहने से इनकार कर दिया। अंत में तय हुआ कि दोनों पक्ष एक-दूसरे का सामान वापस कर दें। रात आठ बजे रात दुलहन मायके लौट गई। सभी मानकर चल रहे थे कि रिश्ता खत्म हो गया, लेकिन इसी बीच पति के पास आए नवविवाहिता के फोन ने सबको चौंका दिया। युवती ने पति को फोन कर साथ रहने की इच्छा जताते हुए विदाई कराने की विनती की है। वह तीन बार फोन कर चुकी है, लेकिन जो हुआ, उससे पति का दिल टूट चुका है। उसका कहना है कि वह अपनी मर्जी से चली गई। बेइज्जती हुई, पैसा बर्बाद हुआ। अब वह उसे साथ नहीं रह सकता।




साइन इन