यूपी में ड्यूटी के दौरान बीएलओ की हार्ट अटैक से मौत, SIR जनसुनवाई के दौरान सीने में उठा था तेज दर्द
यूपी के सहारनपुर में ड्यूटी के दौरान एक बीएलओ की हार्ट अटैक से मौत हो गई। वह एसआईआर जनसुनवाई कर रहे थे। तभी उनके सीने में तेज दर्द उठा। आनन-फानन में साथी कर्मचारी उन्हें अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

यूपी के सहारनपुर में एसआईआर जनसुनवाई के दौरान बीएलओ अचानक जमीन पर गिर गए। साथी कर्मचारी उनको लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां मृत घोषित कर दिया। बताया गया कि हार्टअटैक की वजह से मौत हुई है। सूचना पर परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए। बीएलओ की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों में भी शोक लहर दौड़ गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
थाना जनकपुरी क्षेत्र के गांव चकहरहेटी के रहने वाले 36 साल के दुष्यंत सिंह बेदी सिंचाई विभाग में वरिष्ठ सहायक थे। इन दिनों उनकी बीएलओ की ड्यूटी नूरबस्ती में लगी थी। मंगलवार को ड्यूटी नुमाइशकैंप क्षेत्र में पूर्व माध्यमिक विद्यालय में लगाई गई थी। वह दोपहर में एसआईआर से संबंधित जनसुनवाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक सीने में तेज दर्द हुआ और वह जमीन पर गिर पड़े। ड्यूटी तैनात नलकूप विभाग के कर्मचारी मोनू सिंह तत्काल बीएलओ को एंबुलेंस से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां दुष्यंत सिंह बेदी को मृत घोषित कर दिया गया। सूचना पर पुलिस और दुष्यंत सिंह बेदी के भाई कुलबीर सिंह व परिजन भी मौके पर पहुंच गए। बीएलओ की मौत से परिजनों का कोहराम मच गया।
पता लगने पर उनके विभाग और निर्वाचन कार्यालय के कर्मचारी व अधिकारी भी अस्पताल पहुंच गए। बीएलओ की मौत से कर्मचारियों और अधिकारियों में शोक की लहर दौड़ गई। नगर कोतवाली पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पत्नी की पहले ही हो चुकी है मौत
दुष्यंत सिंह बेदी के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। छह साल पहले ही उनकी पत्नी रश्मी का कैंसर से निधन हो गया था। इससे पहले उनके पिता का भी निधन हो चुका है। दुष्यंत सिंह बेदी के दो छोटे बच्चे हैं। 9 वर्षीय बेटा समर्थ और छह वर्षीय बेटी रवनीत। दुष्यंत सिंह बेदी ही अपने परिवार के एकमात्र सहारे थे, जो पूरी जिम्मेदारी के साथ बच्चों का पालन-पोषण कर रहे थे। पत्नी के निधन के बाद से ही दुष्यंत ने ही मां-बाप दोनों की भूमिका निभाते हुए बच्चों की परवरिश कर रहे थे। उनके असामयिक निधन से दोनों मासूम बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया है। दुष्यंत सिंह बेदी की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। रिश्तेदारों और परिचितों का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले और विभाग में भी शोक की लहर है।
जून में रुड़की में हुआ था तबादला
जून महीने में दुष्यंत सिंह का तबादला रुड़की स्थित सिंचाई विभाग में कर दिया गया था। हालांकि, चुनावी प्रक्रिया और एसआईआर से जुड़ी महत्वपूर्ण प्रशासनिक ड्यूटी के कारण उन्हें कार्यमुक्त नहीं किया गया था। प्रशासन के निर्देश पर वह लगातार सहारनपुर में ही अपनी सेवाएं देते रहे।




साइन इन