यूपी एसआईआर में अब सांसदों को भी सक्रिय करेगी भाजपा, योगी और प्रदेश अध्यक्ष की मौजूदगी में 21 को मंथन
भाजपा उन मतदाताओं को लेकर चिंतित है, जिन्होंने अभी तक वोटर बनने को गणना प्रपत्र नहीं भरा है। पार्टी अब एसआईआर के तहत ऐसे अनुपस्थित वोटरों को खोजने पर पूरी ताकत झोंकेगी। इसके लिए 21 दिसंबर को फिर प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की जा रही है।

भारतीय जनता पार्टी उन मतदाताओं को लेकर चिंतित है, जिन्होंने अभी तक वोटर बनने को गणना प्रपत्र नहीं भरा है। पार्टी अब एसआईआर के तहत ऐसे अनुपस्थित वोटरों को खोजने पर पूरी ताकत झोंकेगी। इसके लिए 21 दिसंबर को फिर प्रदेश स्तरीय बैठक आयोजित की जा रही है। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होने वाली इस महत्वपूर्ण बैठक में सभी सांसद और विधायकों को भी बुलाया गया है। इस बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अन्य पार्टी दिग्गज मौजूद रहेंगे।
भाजपा सांसदों की भी अब एसआईआर की मुहिम में सक्रियता बढ़ाई जाएगी। गत दिवस नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान के संयोजन में हुई भाजपा सांसदों की बैठक में इसकी रूपरेखा तय की गई। सभी पार्टी सांसदों से शुक्रवार को खत्म हुए संसद सत्र के बाद अब एसआईआर की मुहिम में जुटने को कहा गया है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने एसआईआर के मोर्चे पर यूपी के पिछड़ने को लेकर चिंता भी जताई थी। पंकज चौधरी 21 की बैठक की तैयारियों को लेकर शनिवार से लखनऊ में सक्रिय होंगे। इस दौरान वे प्रदेश कार्यालय पर पदाधिकारियों, मीडिया टीम के साथ बैठकें भी करेंगे।
21 को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में एसआईआर को लेकर होने वाली कार्यशाला में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा उपमुख्यमंत्री द्वय केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी, महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह मौजूद रहेंगे। इस बैठक में सांसदों के अलावा विधायक, प्रदेश पदाधिकारी, सभी जिलाध्यक्ष व जिला प्रभारी बुलाए गए हैं।
उधर, गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भाजपा पदाधिकारियों और बूथ के कार्यकर्ताओं से शुद्ध वोटर लिस्ट में सक्रिय योगदान का आह्वान करते हुए कहा कि एसआईआर प्रक्रिया में गलत नाम किसी भी तरह से सूची में जुड़ने नहीं चाहिए। वहीं, सही वोटर हर हाल में सूची में शामिल हो जाने चाहिए। भाजपा कार्यकर्ता इसे लेकर डोर-टू-डोर वोटर सूची लेकर पहुंचे।
घर-घर जाकर गणना प्रपत्र भरवाएं
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि एसआईआर में लगने वाली आपकी मेहनत लोकतंत्र के लिए है, इसलिए घर-घर संपर्क करें। एक-एक नाम जुड़वाने का काम करें। मतदाता सूची में कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए।




साइन इन