bjp leader suresh awasthi out sp mla naseem solanki in controversy over toilet shilapatt बीजेपी नेता सुरेश अवस्थी होंगे आउट.. सपा MLA नसीम सोलंकी इन; टॉयलेट के बोर्ड को लेकर विवाद, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

बीजेपी नेता सुरेश अवस्थी होंगे आउट.. सपा MLA नसीम सोलंकी इन; टॉयलेट के बोर्ड को लेकर विवाद

इरफान सोलंकी ने डीलक्स शौचालय के लोकार्पण शिलापट पर विधायक नसीम सोलंकी का नाम न होने पर आपत्ति दर्ज कराई थी। इसके साथ ही विधायक की जगह सीसामऊ से दो बार चुनाव हार चुके सुरेश अवस्थी का नाम शिलापट पर होने पर भी आपत्ति की थी। उनका कहना था कि ऐसा जानबूझकर किया गया।

Sun, 7 June 2026 10:40 AMAjay Singh मुख्य संवाददाता, कानपुर
share
बीजेपी नेता सुरेश अवस्थी होंगे आउट.. सपा MLA नसीम सोलंकी इन; टॉयलेट के बोर्ड को लेकर विवाद

UP News : उत्तर प्रदेश के कानपुर के रामबाग चौराहे पर बनाए गए डीलक्स सुलभ शौचालय पर लगे शिलापट से भाजपा नेता सुरेश अवस्थी का नाम हटेगा और सीसामऊ की विधायक नसीम सोलंकी का नाम अंकित होगा। प्रमुख सचिव गुरुप्रसाद के आदेश का अनुपालन कराए जाने का आदेश नगर आयुक्त ने दिया है। शिलापट से नगर आयुक्त और अधिशासी अभियंता का नाम भी हटाया जाएगा।

सीसामऊ विधान सभा क्षेत्र के पूर्व विधायक इरफान सोलंकी की आपत्ति के बाद नगर निगम ने इस मुद्दे पर सफाई दी है। इसमें पांच जून को प्रमुख सचिव नगर विकास गुरुप्रसाद के आदेश का हवाला दिया गया है। इसमें कहा गया है कि निर्देशों के बाद भी नगर निकाय शिलापट के निर्धारित प्रारूप का पालन नहीं कर रहे हैं। लिहाजा इस प्रारूप को अनिवार्य कर दिया गया है। अब निर्धारित प्रारूप के मुताबिक ही शिलापट पर जनप्रतिनिधियों के नाम रहेंगे। वहीं नगर निगम ने अपनी सफाई में यह भी कहा है कि रामबाग चौराहे पर बनाए गए सुलभ शौचालय के निर्माण में नगर निगम द्वारा कोई भुगतान नहीं किया गया है। संबंधित एजेंसी को आदेश दिया गया है कि शासन द्वारा निर्गत प्रारूप पर शिलापट तैयार कराकर लगाए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:लखनऊ के इन इलाकों में जमीन की खरीद-बिक्री पर रोक, जानें LDA का प्लान

सरकारी जमीन पर बना टॉयलेट

नगर निगम जोन चार की अधिशासी अभियंता मीनाक्षी अग्रवाल ने अवगत कराया है कि शौचालय का निर्माण पीपीपी मॉडल पर डीके इंटरप्राइजेज द्वारा कराया गया है। संस्था द्वारा रामबाग में सुलभ शौचालय के निर्माण के लिए अनापत्ति मांगी गई थी। नगर निगम ने एनओसी दे दी थी। संस्था ने ही मौके पर शिलापट लगाया था जिसे अब शासन के अनुरूप लगाने का आदेश दे दिया गया है। संस्था द्वारा कहा गया था कि नगर निगम की निधि से इसे नहीं बनाया गया। वहीं नगर निगम ने कहा कि टॉयलेट के लिए सरकारी जमीन का इस्तेमाल हुआ है। शिलापट तो निर्धारित प्रारूप पर ही लगेगा। बताते चलें कि इरफान सोलंकी ने डीलक्स शौचालय के लोकार्पण शिलापट पर विधायक नसीम सोलंकी का नाम न होने पर आपत्ति दर्ज कराई थी। इसके साथ ही विधायक की जगह सीसामऊ से दो बार चुनाव हार चुके सुरेश अवस्थी का नाम शिलापट पर होने पर भी ऐतराज किया था। उनका कहना था कि ऐसा जानबूझकर किया गया।

शिलापट के लिए शासन का ये आदेश

शासन का आदेश है कि नगर विकास विभाग की परियोजनाओं, वित्त आयोग और नगर निगम निधि द्वारा जो भी विकास कार्य होंगे उनमें शिलापट निर्धारित प्रारूप पर ही लगाने होंगे। शिलान्यास और उद्घाटन में शिलापट अपनी मर्जी से नहीं लगाए जा सकेंगे। ऐसा किया गया तो संबंधित विकास कार्य की रकम का भुगतान नहीं होगा। शिलापट पर जनप्रतिनिधियों (लोकसभा सदस्य, सदस्य राज्य सभा, महापौर, विधायक एवं संबंधित वार्ड के पार्षद) का नाम अंकित करने को कहा गया। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने आदेश पिछले सप्ताह ही जारी किया था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:UP में इबोला वॉयरल से प्रभावित देशों से आए यात्रियों की निगरानी, 95 की लिस्ट बनी
ये भी पढ़ें:UP: मासूमों को दही पसंद थी, पिता ने उसी में मिला दिया जहर; बेटा-बेटी को मार डाला
ये भी पढ़ें:UP: प्राइमरी शिक्षकों के दूसरे जिले में तबादला प्रक्रिया शुरू, ये बाध्यता नहीं

शिलापट में नियमों का पालन नहीं किया गया

नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने कहा कि शिलापट गलत लगाया गया है। इसमें नियमों का पालन नहीं किया गया। इसे हटाकर शासन के आदेश के मुताबिक शिलापट लगाने का आदेश दिया गया है। जो नाम प्रारूप में नहीं होंगे उनके नाम शिलापट पर नहीं होंगे। आदेश के मुताबिक विधायक का नाम होगा।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।