यूपी बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष से पहले 14 नए जिलाध्यक्षों के नाम घोषित; यूं साधे समीकरण
जातिगत गुणा-गणित देखें तो 84 में से सामान्य वर्ग से 45, पिछड़ा वर्ग से 32 और अनुसूचित वर्ग से 7 जिलाध्यक्ष बनाए गए हैं। बुधवार को घोषित की गई 14 नए जिलाध्यक्षों की लिस्ट में बृज क्षेत्र में अलीगढ़ जिला और महानगर के अलावा फिरोजाबाद जिले में पुराने चेहरों को ही फिर मौका दिया गया है।

BJP's new district president: भारतीय जनता पार्टी ने उत्तर प्रदेश में नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति से पहले बुधवार की देर रात 14 जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा कर दी। इनमें से पांच को दोबारा मौका दिया गया है। बहुत लंबी कवायद के बाद घोषित किए गए जिलाध्यक्षों में पार्टी ने सामाजिक समीकरण साधने का भी पूरा प्रयास किया है। पार्टी ने पिछड़ा वर्ग को सर्वाधिक तरजीह देते हुए सात जिलाध्यक्ष इसी वर्ग से बनाए हैं। जबकि सामान्य वर्ग के छह और अनुसूचित वर्ग से एक जिलाध्यक्ष बनाया गया है।
प्रदेश चुनाव अधिकारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. महेंद्रनाथ पांडेय ने बुधवार रात 14 जिलाध्यक्षों की सूची जारी कर दी। इससे पहले पार्टी ने 16 मार्च को 70 जिलाध्यक्षों का ऐलान किया था। प्रदेश में भाजपा के कुल 98 संगठनात्मक जिले हैं। इस लिहाज से अभी 14 की घोषणा होना बाकी है।
यह है जातीय गुणा-गणित
अभी तक घोषित किए गए जिलाध्यक्षों में जातिगत गुणा-गणित देखें तो 84 में से सामान्य वर्ग से 45, पिछड़ा वर्ग से 32 और अनुसूचित वर्ग से सात जिलाध्यक्ष बनाए गए हैं। बुधवार को घोषित की गई 14 नए जिलाध्यक्षों की सूची में बृज क्षेत्र में अलीगढ़ जिला व महानगर के अलावा फिरोजाबाद जिले में पुराने चेहरों को ही फिर मौका दिया गया है।
तीन महिला अध्यक्ष बनाईं गईं
घोषित सूची में तीन जिलों में महिलाओं को जिलाध्यक्ष के रूप में मौका दिया गया है। इनमें हापुड़ में खटीक जाति से आने वाली कविता माधरे को अध्यक्ष बनाया गया है। हमीरपुर में शकुंतला निषाद को जिलाध्यक्ष बनाया गया है। जबकि जालौन में उर्विजा दीक्षित को रिपीट किया गया है। जबकि पहले घोषित 70 अध्यक्षों की सूची में पांच महिलाओं को जगह मिली थी। इस प्रकार कुल आठ जिलाध्यक्ष महिला बनाई गई हैं।
पश्चिम क्षेत्र
मेरठ जिला- हरवीर पाल
हापुड़- कविता माधरे
बृज क्षेत्र
फिरोजाबाद जिला- उदय प्रताप सिंह
हाथरस- प्रेम सिंह कुशवाहा
अलीगढ़ महानगर- राजीव शर्मा
अलीगढ़ जिला- चौधरी कृष्णपाल सिंह लाला
एटा- प्रमोद गुप्ता
कानपुर क्षेत्र
जालौन- उर्विजा दीक्षित
झांसी महानगर- सुधीर सिंह
हमीरपुर- शकुंतला निषाद
फतेहपुर- अन्नू श्रीवास्तव
अवध क्षेत्र
बाराबंकी- राम सिंह वर्मा
काशी क्षेत्र
जौनपुर- अजीत प्रजापति
कौशांबी- धर्मराज मौर्या




साइन इन