चार बुलडोजर, 15 टीमें, 10 घंटे में पूरा बारात घर मिट्टी में मिला, बरेली बवाल पर एक्शन में प्रशासन
बरेली बवाल के मुख्य आरोपी तौकीर के करीबी नफीस का पांच करोड़ वाला बारात घर पूरी तरह मिट्टी मिला दिया गया। जखीरा में रजा पैलेस पर बरेली विकास प्राधिकरण ने शनिवार को बुलडोजर चलाना शुरू किया था। रविवार को बचे अवशेष तोड़कर साफ कर दिए गए।

बरेली बवाल के मुख्य आरोपी आईएमसी प्रमुख तौकीर के सहयोगी नफीस खां पर प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। रविवार को भी बरेली विकास प्राधिकरण (बीडीए) का बुलडोजर रजा पैलेस की बची दीवारों पर गरजा। शनिवार को शुरू हुई ध्वस्तीकरण की कार्रवाई रविवार तक चली। पूरे 10 घंटे में नफीस का करीब पांच करोड़ से बना रजा पैलेस पूरी तरह से जमींदोज कर दिया गया। रविवार की सुबह करीब 10 बजे बीडीए की टीम भारी पुलिस बल और मजिस्ट्रेट के साथ मौके पर पहुंची और बारातघर के शेष हिस्से पर तोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी।
एसडीएम सदर प्रमोद वर्मा का कहना है कि शनिवार को करीब 70 फीसदी हिस्से को ध्वस्त किया जा चुका था, जबकि शेष 30 फीसदी हिस्सा रविवार को मलबे में तब्दील कर दिया गया। कहीं बुलडोजर चला तो कहीं पर हथौड़ों से लिंटर, दीवार और पिलर तोड़े गए। कार्रवाई के दौरान पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे। आस-पास के घरों की छतों से लोग बुलडोजर की गर्जना का मंजर देखते रहे।
एक हजार वर्ग मीटर वक्फ की जमीन पर बना था बारातघर
आईएमसी के राष्ट्रीय महासचिव व प्रवक्ता नफीस खां ने वक्फ की एक हजार वर्ग मीटर से अधिक जमीन पर रजा पैलेस का निर्माण कर रखा था। ये जमीन बाग के नाम से मोहल्ले में जानी जाती थी। बारातघर की दीवार पर लगी नेम प्लेट पर मुतवल्ली शोएब बेग पुत्र स्व. अथहर बेग (पूर्व पीसीएस अधिकारी) लिखा था। नफीस ने शोएब बेग के साथ मिलकर इसका निर्माण कराया था और संचालन भी शोएब बेग को सौप रखा था।
चार बुलडोजर, 15 टीमें, 10 घंटे की मशक्कत
बीडीए, प्रशासन की 15 टीम ने भारी पुलिस सुरक्षा के बीच करीब 10 घंटे की कड़ी मेहनत के बाद किला क्षेत्र के जखीरा स्थित नफीस के अवैध बारातघर को जमींदोज कर दिया। पहले दिन चार बुलडोजर सुबह 11 बजे से शाम 5 बजे तक लगातार कार्रवाई करते रहे और बारातघर के बड़े हिस्से को ध्वस्त किया। दूसरे दिन भी कार्रवाई जारी रही, जब दो बुलडोजर सुबह से शाम तक बारातघर के 30 फीसदी हिस्से को तोड़ने में लगे रहे। बीडीए की चार टीमों ने ड्रिल मशीन भी चलाई, ताकि अवैध निर्माण को पूरी तरह से खत्म किया जा सके।
प्रशासनिक अमला और भारी पुलिस बल तैनात:
कार्रवाई के दौरान प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस बल की भारी तैनाती की गई, ताकि कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से हो सके और किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके। बरेली विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष डॉक्टर ए मनिकंडन के अनुसार बारातघर का निर्माण बिना स्वीकृत नक्शे के किया गया था। आवासीय नक्शे पर व्यावसायिक निर्माण किए जाने के कारण नोटिस जारी कर पहले ही चेताया गया था। फिर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई है।




साइन इन