फतेहगढ़ जेल में शिफ्ट किया गया बरेली बवाल का आरोपी मौलाना तौकीर, कैमरे से रखी जाएगी नजर
कानपुर प्रकरण को लेकर शुक्रवार को जुमा की नमाज के बाद शहर में कई जगह हुए बवाल के मामले में आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा को पुलिस ने गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। मौलाना तौकीर को पहले बरेली की केंद्रीय कारागार-2 में भेजा गया है।

कानपुर प्रकरण को लेकर शुक्रवार को जुमा की नमाज के बाद शहर में कई जगह हुए बवाल के मामले में आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया। मौलाना तौकीर को पहले बरेली की केंद्रीय कारागार-2 में रखा गया। लेकिन मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय अधिकारियों ने उसे प्रदेश की किसी अन्य जेल में शिफ्ट करने का शासन से अनुरोध किया। दोपहर में मंजूरी मिलने के बाद तौकीर को कड़ी सुरक्षा के बीच फर्रुखाबाद जिले की फतेहगढ़ जेल में शिफ्ट कर दिया गया। जबकि अन्य गिरफ्तार 11 उपद्रवियों को बरेली जेल में ही रखा गया है। इसके बाद पुलिस ने 31 आरोपियों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही हे।
गुपचुप तरीके से जेल लाया गया मौलाना
मौलाना तौकीर रजा खां को शनिवार दोपहर बाद बड़े ही गुपचुप तरीके से कड़ी सुरक्षा के बीच सेंट्रल जेल में दाखिल किया गया। उसे जेल की हाई सिक्योरिटी जोन में रखा गया है। कैमरे से उस पर नजर रखी जा रही है। दोपहर बाद 3:30 बजे पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच उसे सेंट्रल जेल लाया गया। इस बीच पूरी गोपनीयता रखी गई। उसके आने की किसी को भनक भी नहीं लग पाई। इतना जरूर था कि बरेली रोड पर पुलिस का पहरा बढ़ा हुआ था। सेंट्रल जेल के वरिष्ठ अधीक्षक आशीष तिवारी ने बताया कि तौकीर रजा को जेल की हाई सिक्योरिटी जोन में रखा गया है। उस पर पूरी नजर रखी जा रही है।
ये है पूरा मामला
कानपुर प्रकरण को लेकर आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा ने शुक्रवार को इस्लामिया ग्राउंड में जमावड़े के बाद कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च का ऐलान किया था। शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद इस्लामिया ग्राउंड जा रही भीड़ पुलिस के रोकने पर उग्र हो गई और खलील तिराहा समेत दस स्थानों पर बवाल करते हुए पुलिस पर फायरिंग और पथराव कर दिया। इस पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को खदेड़ दिया। कोतवाली में पांच, बारादरी में दो और प्रेमनगर, कैंट व किला थाने में एक-एक मुकदमा दर्ज कराया गया है। इनमें से सात मुकदमों में मौलाना को आरोपी बनाया गया है।
खलील तिराहा पर हुए मुख्य बवाल केस में कोतवाली पुलिस ने शुक्रवार देर रात मौलाना तौकीर रजा को बारादरी के फाइक इंक्लेव से गिरफ्तार कर लिया। शनिवार सुबह करीब पांच बजे जिला अस्पताल में मेडिकल के बाद उसे रिमांड मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया। मौलाना के साथ ही कोतवाली पुलिस ने आठ और बारादरी पुलिस ने चार अन्य आरोपियों को जेल भेजा है। इनमें मौलाना तौकीर रजा की पार्टी का महानगर अध्यक्ष अनीस सकलैनी भी शामिल है। मौके से पुलिस ने एक तमंचा, एक चाकू, कारतूस के खोके और पेट्रोल की गंध वाली टूटी बोतलें बरामद की हैं। इससे स्पष्ट है कि सुनियोजित साजिश के तहत बवाल कराया गया।
दूसरे शहरों से भी बुलाए गए थे उपद्रवी
पुलिस की जांच में सामने आया है कि बरेली में बवाल एक सुनियोजित साजिश थी। इसके लिए दूसरे शहरों से भी उपद्रवी बुलाए गए थे। गिरफ्तार आरोपियों के मोबाइल की कॉल डिटेल के जरिये इसकी जांच हो रही है। यह भी सामने आया कि आईएमसी के महानगर अध्यक्ष अनीस सकलैनी ने भीड़ बुलाने के लिए भड़काऊ पर्चे बांटे थे, जिनमें इंतजाम के साथ इस्लामिया मैदान पहुंचने की अपील की गई थी।




साइन इन