Major action Bareilly riots Internet shut down for 48 hours after Maulana Tauqeer arrest बरेली बवाल में बड़ा ऐक्शन; मौलाना तौकीर की गिरफ्तारी के बाद अब 48 घंटे के लिए इंटरनेट बंद, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

बरेली बवाल में बड़ा ऐक्शन; मौलाना तौकीर की गिरफ्तारी के बाद अब 48 घंटे के लिए इंटरनेट बंद

शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद बरेली में हुए बवाल को लेकर ऐक्शन शुरू हो गया है। शनिवार को पुलिस ने मौलाना तौकीर रजा समेत आठ लोगों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया।

Sat, 27 Sep 2025 08:44 PMDinesh Rathour लाइव हिन्दुस्तान, बरेली
share
बरेली बवाल में बड़ा ऐक्शन; मौलाना तौकीर की गिरफ्तारी के बाद अब 48 घंटे के लिए इंटरनेट बंद

शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद बरेली में हुए बवाल को लेकर ऐक्शन शुरू हो गया है। शनिवार को पुलिस ने मौलाना तौकीर रजा समेत आठ लोगों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। मौलाना तौकीर को बरेली से फतेहगढ़ जेल में शिफ्ट किया गया है। वहीं पुलिस-प्रशासन ने एहतियातन बरेली में 48 घंटे के लिए इंटरनेट और एसएमएस सेवा को बंद कर दिया है। शासन के आदेश के अनुसार 27 सितंबर की रात 12:30 बजे से 29 सितंबर की रात 12:30 बजे तक इंटरनेट, वाई-फाई, ब्रॉडबैंड, व्हाट्सऐप और एसएमएस जैसी सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी। केवल मोबाइल फोन कॉलिंग की सुविधा चालू है। प्रदेश शासन के सचिव ने इस संबंध में आधिकारिक पत्र जारी कर जानकारी दी है। आदेश के मुताबिक बरेली जिले में किसी भी टेलीकॉम कंपनी का इंटरनेट नेटवर्क सक्रिय नहीं रहेगा। दूरसंचार विभाग के उच्च अधिकारियों ने भी जिले में 48 घंटे तक सेवाएं बंद रहने की पुष्टि की है। अधिकारियों का कहना है कि घटना के बाद शनिवार सुबह से ही सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलने लगीं। अफवाहों पर रोक लगाने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए शासन ने यह कदम उठाया है। माहौल और परिस्थितियों को देखते हुए इसके समय में कमी या बढ़ोतरी की जा सकती है।

2010 के दंगे का भी आरोपी है मौलाना तौकीर

बरेली में बवाल के बाद आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा का नाम एक बार फिर चर्चा में है। आईएमसी प्रमुख 2010 में बरेली में हुए दंगे का आरोपी है। हालांकि मामला कोर्ट में लंबित है। इतना ही नहीं मौलाना ने ज्ञानवापी ढांचे में पूजा शुरू होने के बाद भी जेल भरो आंदोलन की घोषणा की थी। मौलाना पहले भी विवादित बयानबाजी कर चुके हैं।

प्रदेश और बरेली का विकास रोकने को की गई साजिश: डीएम

डीएम अविनाश सिंह ने शुक्रवार के घटनाक्रम के बाद शनिवार को शहर का निरीक्षण किया। उन्होंने विभिन्न इलाकों में जाकर व्यापारियों से बात की। लोगों को शांति व्यवस्था का आश्वासन दिया। निरीक्षण के बाद अपने कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि शुक्रवार का घटनाक्रम एक सुनियोजित साजिश है। प्रदेश में विकास की रफ्तार तेजी से बढ़ी है। बरेली जिला प्रदेश की औसत विकास रफ्तार से 12 फीसदी अधिक पर चल रहा है। इस सबको प्रभावित करने के लिए साजिश रची जा रही है। लोगों को भड़काकर हिंसा कराई गई है। इन घटनाओं को अंजाम देने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।

बरेली में बवाल को लेकर रेलवे में भी अलर्ट जारी

बरेली में बवाल के चलते रेलवे में भी अलर्ट जारी किया गया। आरपीएफ़- जीआरपी के साथ एसआईबी, रेल खुफिया टीमें बरेली में अलर्ट कर दी गई हैं। बरेली जंक्शन के करीब आठ से 10 किलोमीटर एरिया की बात करें तो कुछ ऐसे इलाके हैं जहां आबादी के बीच से रेलवे लाइन गुजरती है। जैसे चौपुला, बाकरगंज, सीबीगंज, किला, इज्जतनगर, कैंट, चनेहटी, फरीदपुर, आंवला में रेल ट्रैक के दोनों साइड में विशेष समुदाय की आबादी है। रेलवे में जो अलर्ट जारी हुआ, उसमें सुरक्षा के दृष्टिगत नजर रखने को कहा गया। जंक्शन, सिटी स्टेशन, इज्जतनगर, कैंट, रामगंगा, आंवला, सीबीगंज, धनेटा, पीतांबरपुर तक सुरक्षा टीम लगाई गईं। शहर में किला से भोजीपुरा और जंक्शन से सीबीगंज तक आरपीएफ की टीमों ने मॉनीटिरंग की। रेलवे स्टेशनों पर आने वालों की विशेष निगरानी की गई। रेलवे की खुफिया, एसआईबी, आरपीएफ और जीआरपी की विशेष टीमें लगी हैं। एसआईबी और एलआईयू आदि की टीमें विशेष समुदायों के इलाकों भी घूमते देखी गईं। सुरक्षा कर्मी बॉडी वॉर्न कैमरे लगाकर घूमे। जो लोग ट्रैक के आसपास नजर आये उनकी वीडियो आदि भी बनाई गई।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।