राम मंदिर ध्वजारोहण के लिए सजी अयोध्या, पीएम मोदी इस प्रवेश द्वार से लेंगे समारोह में एंट्री
यूपी के अयोध्या में उत्सव चल रहा है। कल यानी 25 नवंबर को अयोध्या राम मंदिर ध्वजारोहण समारोह का आगाज पीएम मोदी करेंगे। वह ध्वज फहराएंगे। समारोह में इस गेट पीएम नरेंद्र मोदी प्रवेश करेंगे।

रामनगरी अयोध्या सजधज कर पूरी तरह तैयार है। 25 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या में होंगे। पीएम मोदी राम मंदिर के शिखर पर भगवा ध्वज फहराकर ऐतिहासिक ध्वजारोहण समारोह का आगाज करेंगे। उनका अयोध्या एयरपोर्ट से साकेत महाविद्यालय तक हेलीकॉप्टर से पहुंचना प्रस्तावित है। पीएम मोदी गेट नंबर 11 यानी शंकराचार्य प्रवेश द्वार से परिसर में प्रवेश करेंगे, जिसे वीवीआईपी मार्ग के रूप में आरक्षित किया गया है।
समारोह के लिए मंदिर परिसर में लगाई जाने लगीं कुर्सियां
राम मंदिर में ध्वजारोहण समारोह में आमंत्रित आठ हजार अतिथियों के लिए निर्धारित सीटिंग प्लान के अनुसार कुर्सियां लगाने की तैयारी हो गयी है। अतिथियों के बैठने के लिए कुर्सियां परिसर में यथास्थान पर रखवा दी गयी है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र महासचिव चंपतराय के मुताबिक 19 ब्लाकों में यह कुर्सियां व्यवस्थित रूप में लगाई जाएंगी। उन्होंने बताया कि अलग-अलग श्रेणियों व अलग-अलग वर्गों के आमंत्रित अतिथियों को बैठाने की सुविधा के लिए अलग-अलग रंगों के पंडाल बनाए जा रहे हैं। इन पंडालों का रंग अलग-अलग पांच-पांच जनपदों के अनुसार निर्धारित किया गया है। सभी ब्लाकों में अतिथियों की समस्या निवारण के लिए समन्वय टीम बनाई गयी है। इस टीम में एक-एक संयोजक व सह संयोजक भी बनाए गये है। यही टीम अतिथियों के जलपान व पानी इत्यादि के अलावा दर्शन की व्यवस्था व प्रसाद वितरण की व्यवस्था करेगी।
पीएम और सीएम की स्कॉर्ट पहुंची, सेना के हेलीकॉप्टर ने लिया हवाई जायजा
ध्वजरोहण कार्यक्रम में आ रहे प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम को लेकर पीएम के काफिले के वाहन के साथ सीएम योगी का स्कॉर्ट रविवार को जनपद पहुंच गया। एसपीजी के अधिकारियों ने पहले से ही डेरा डाल रखा है। प्रस्तावित कार्यक्रम के मुताबिक प्रधानमंत्री मोदी हवाई अड्डे पर उतरने के बाद हेलीकाप्टर से साकेत कालेज स्थित ग्राउंड पर लैंड करेंगें। यहां से रामपथ होते हुए टेढ़ी बाजार के रास्ते मंदिर परिसर जाना है। इसके कारण सुरक्षा को लेकर लगभग 15 किमी.दायरे में पुलिस-प्रशासन की ओर से मजिस्ट्रेटों के साथ एटीएस, एसटीएफ, स्वाट कमांडो और पैरामिलिट्री फ़ोर्स तथा ख़ुफ़िया व सुरक्षा एजेंसियों की ड्यूटी लगाई है। वहीं मंदिर परिसर में चल रहे पांच दिवसीय अनुष्ठान के दौरान सुरक्षा को लेकर चौक चौराहों पर पुलिस की पिकेट तैनात की गई है और सघन जांच व तलाशी का अभियान जारी है।




साइन इन