Severe Heatwave Hits Auraiya Temperatures Soar to 48 C 43 डिग्री के पार पहुंचा पारा, औरैया में जनजीवन बेहाल, Auraiya Hindi News - Hindustan
More

43 डिग्री के पार पहुंचा पारा, औरैया में जनजीवन बेहाल

Auraiya News - औरैया में इन दिनों भीषण गर्मी से लोग परेशान हैं। सोमवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो बढ़कर 48 डिग्री तक पहुंचने की संभावना है। गर्मी से बाजारों में भीड़ कम हो गई है और अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ रही है। प्रशासन लोगों को सतर्क रहने की सलाह दे रहा है।

Mon, 27 April 2026 10:57 PMNewswrap हिन्दुस्तान, औरैया
share
43 डिग्री के पार पहुंचा पारा, औरैया में जनजीवन बेहाल

औरैया, संवाददाता। जनपद में इन दिनों भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। सोमवार को अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि आने वाले दिनों में पारा 45 से 48 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। मौसम के इस बदले तेवर ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है और जरूरी काम से ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। मौसम पूर्वानुमान के अनुसार 27 अप्रैल से लेकर 9 मई तक तापमान लगातार 41 से 48 डिग्री के बीच बना रहेगा, जिससे लू चलने की संभावना भी बढ़ गई है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:लू ने छीनी बाजारों की रौनक, गरीब तबके पर गर्मी की दोहरी मार

3 मई को तापमान 45 डिग्री और 8 मई को 48 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान जताया गया है, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक तापमान हो सकता है। वहीं न्यूनतम तापमान भी 24 से 30 डिग्री के बीच रहने से रात में भी लोगों को राहत नहीं मिल रही है। कस्बा औरैया, दिबियापुर, अछल्दा और बिधूना क्षेत्रों में गर्मी का असर साफ तौर पर देखा जा रहा है। दोपहर के समय बाजारों में भीड़ कम हो गई है। औरैया शहर के तिलक नगर निवासी रामप्रकाश ने बताया कि दोपहर में बाहर निकलना मुश्किल हो गया है, गर्म हवाएं सीधे शरीर को झुलसा रही हैं। वहीं दिबियापुर के सुभाष चौराहा पर दुकान चलाने वाले व्यापारी जितेंद्र गुप्ता का कहना है कि गर्मी के कारण ग्राहकों की संख्या कम हो गई है, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में स्थिति और भी गंभीर है। अछल्दा क्षेत्र के गांव नरिया का पुरवा निवासी किसान राजेश कुमार ने बताया कि खेतों में काम करना मुश्किल हो गया है, सुबह और शाम के समय ही काम निपटाना पड़ रहा है। वहीं बिधूना क्षेत्र के सहदुल्लापुर की निवासी मीना देवी ने कहा कि पानी की कमी और तेज धूप के कारण बच्चों और बुजुर्गों की तबीयत जल्दी खराब हो रही है। भीषण गर्मी के चलते अस्पतालों में भी मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। जिला अस्पताल और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर डायरिया, उल्टी-दस्त और डिहाइड्रेशन के मरीज लगातार पहुंच रहे हैं। डॉक्टरों का कहना है कि लू से बचाव के लिए लोगों को दोपहर में घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए, अधिक से अधिक पानी पीना चाहिए और हल्का भोजन करना चाहिए। प्रशासन की ओर से भी लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है। सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल की व्यवस्था बढ़ाने और छांव की व्यवस्था करने पर जोर दिया जा रहा है। बावजूद इसके, आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की आशंका ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:44.7 डिग्री तक पहुंचा पारा, लू के थपेड़ों ने किया बेहाल

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।