44.7 डिग्री तक पहुंचा पारा, लू के थपेड़ों ने किया बेहाल
Gauriganj News - 44.7 डिग्री तक पहुंचा पारा, लू के थपेड़ों ने किया बेहाल 44.7 डिग्री तक पहुंचा पारा, के थपेड़ों ने किया44.7 डिग्री तक पहुंचा पारा, के थपेड़ों ने किया44

अमेठी। जिले में सोमवार को भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। अधिकतम तापमान 44.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 24.3 डिग्री सेल्सियस रहा। सुबह से ही तेज धूप और लू के थपेड़ों ने जनजीवन को प्रभावित किया। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकले। भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए लोग गन्ने का जूस, जलजीरा और अन्य शीतल पेय पदार्थों का सहारा लेते नजर आए। बाजारों में दोपहर के समय भीड़ काफी कम रही। जबकि शाम ढलने के बाद ही हलचल बढ़ी। गर्म हवाओं के चलते छोटे बच्चे, बुजुर्ग और बीमार लोगों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ा।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. बीपी अग्रवाल ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि सुबह 9 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक बिना अत्यंत आवश्यक कारण के घर से बाहर न निकलें। शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए लगातार पानी और अन्य तरल पदार्थों का सेवन करते रहें। गर्मी के कारण डायरिया, बुखार और उल्टी जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करना चाहिए।अभी नहीं मिलेगी राहत :मौसम विशेषज्ञों के अनुसार फिलहाल गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। आने वाले दिनों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर ही बना रह सकता है। ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने और स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने की जरूरत है।कस्बों में सूनी हुई सड़के:कड़ाके की धूप तथा उमस भरी गर्मी के चलते लोगों की हालत खराब हो गई है। दोपहर में सड़कें सूनी हो जा रही हैं। वहीं अस्पताल तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल की उचित व्यवस्था नहीं है। सीएचसी अमेठी में आरओ खराब होने से मरीजों तथा तीमारदारों को ठंडा पानी नहीं मिल पा रहा है। कस्बे में स्थित आरओ खराब हो गए हैं। उनमें गर्म पानी निकल रहा है।सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उमड़ी भीड़:अमेठी सीएचसी में सोमवार को पांच सौ से अधिक मरीज इलाज कराने आए। जिसमें से चार सौ लोग ऐसे थे जो लू और गर्मी की चपेट में आने से बीमार हो गए थे। सीएचसी अधीक्षक डॉ. सौरभ सिंह ने बताया कि अस्पताल में गर्मी के चलते मरीजों की संख्या बढ़ रही है। जिनका समुचित इलाज किया जा रहा है। उन्होंने लोगों को सलाह दिया कि बीमार होने पर वह नजदीकी प्राथमिक तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज कराने जाएं। अप्रशिक्षित ग्रामीण डॉक्टरों के चक्कर में न आएं।सड़क के पास कट गए पेड़ :प्रतापगढ़ से अमेठी को जाने वाले मार्ग का चौड़ीकरण हो रहा है। इसके चलते सड़क किनारे खड़े हजारों पेड़ काट डाले गए हैं। जिससे सड़क पर आवागमन करने वाले लोगों को कहीं छाया नहीं मिल पा रही है। उधर अमेठी से कालिकन मार्ग तथा अमेठी से किठावर मार्ग पर भी स्थित पेड़ काटे गए हैं। जिसके चलते दोपहर में सड़क पर चलना कठिन हो जा रहा है। वन क्षेत्राधिकारी मोहम्मद अकबर ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण होने से सरकार ने पेड़ों को कटवा दिया है।कालिकन धाम में पिलाया गया शरबत:सोमवार को सरैया कनू निवासी मनोज कुमार वर्मा ने कालिकन धाम में स्टाल लगाकर हजारों लोगों को ठंडा मीठा शरबत पिलाया। उन्होंने बताया कि मां कालिका की कृपा से वह इस गर्मी में हजारों लोगों को ठंडा शरबत पिला रहे हैं। स्टाल पर शरबत पीने के लिए लोगों की भीड़ लगी रही।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन