बकरीद को लेकर बेला थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक
Auraiya News - बेला में बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। थाना अध्यक्ष गंगादास गौतम ने सुरक्षा व्यवस्था पर जोर दिया और लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की। पुलिस ने संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखने का आश्वासन दिया।

बेला, संवाददाता। आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार सुबह बेला थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, धर्मगुरुओं और ग्राम प्रतिनिधियों ने भाग लेकर त्योहार को भाईचारे के साथ मनाने पर चर्चा की। बैठक की अध्यक्षता करते हुए थाना अध्यक्ष गंगादास गौतम ने कहा कि बकरीद पर्व को पूरी सुरक्षा व्यवस्था और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने लोगों से आपसी सौहार्द बनाए रखने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। थानाध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह फैलाने, माहौल खराब करने या अराजकता फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक संदेशों से बचने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की बात कही। बैठक में मौजूद लोगों ने भी प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया और बकरीद पर्व को शांति एवं भाईचारे के साथ मनाने का संकल्प लिया। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जाएगी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पर्याप्त इंतजाम किए जाएंगे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन