Attack on Lucknow BJP leader and police took the victim into custody, then workers created ruckus भाजपा नेता पर हमला और पुलिस ने पीड़ित को ही लिया हिरासत में, फिर कार्यकर्ताओं का जमकर हंगामा, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

भाजपा नेता पर हमला और पुलिस ने पीड़ित को ही लिया हिरासत में, फिर कार्यकर्ताओं का जमकर हंगामा

यूपी की राजधानी लखनऊ में भाजपा नेता पर हमला हुआ और पुलिस ने पीड़ित को ही  हिरासत में लिया। आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ताओं और पार्षदों ने पुलिस पर एक पक्षीय कार्रवाई का आरोप लगाकर जमकर हंगामा किया।

Mon, 15 Sep 2025 05:50 AMDeep Pandey लाइव हिन्दुस्तान
share
भाजपा नेता पर हमला और पुलिस ने पीड़ित को ही लिया हिरासत में, फिर कार्यकर्ताओं का जमकर हंगामा

राजधानी लखनऊ में ठाकुरगंज इलाके में रविवार दोपहर भाजपा मंडल मंत्री सूरज चौरसिया और उसके साथियों पर हुए हमले के बाद पुलिस ने पीड़ित पर ही जानलेवा हमले समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया। आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ताओं और पार्षदों ने पुलिस पर एक पक्षीय कार्रवाई का आरोप लगाकर दोपहर ठाकुरगंज थाने, शाम को एसीपी चौक कोतवली और फिर देर रात हरदोई रोड जमकर हंगामा किया। बवाल की सूचना पर देर रात भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी पहुंचे। कार्यकर्ताओं को समझाकर शांत कराया। पुलिस से निष्पक्ष कार्रवाई के लिए कहा।

मिश्री बाग निवासी शिवम चौरसिया डिलीवरी ब्वाय है। शिवम के मुताबिक रविवार तड़के करीब तीन बजे वह माल डिलीवरी करके दोस्त अर्जुन को छोड़ने उसके घर गया था। इस बीच रास्ते में अरमान, कल्लू, भूरे और कलीम ने घेर लिया। चारों ने पकड़ा और तमंचा अड़ा दिया। जान से मारने की धमकी देते हुए घसीटकर कल्याण मंडल के पास मंदिर के पीछे ले गए। वहां बंधक बनाकर जमकर पीटा। सिर फोड़ दिया। हमले से अचेत हो गया। इस बीच आरोपी भाग निकले। होश आने पर थाने परिवारीजन को फोन कर बुलाया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:योगी के मंत्री ने रोका था राहुल गांधी का काफिला, बेटा हाथ मिलाते नजर आया

इसके बाद अस्पताल में इलाज कराकर थाने पहुंचे। इस बीच कार्रवाई की मांग को लेकर दोपहर भाजपा मंडल मंत्री सूरज चौरसिया, अमन सिंह, ऋषभ सिंह और हर्ष ठाकुरगंज पहुंचे। इस बीच अरमान पक्ष से दूसरे पक्ष से अधिवक्ता ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह उर्फ ज्ञानू भी कुछ लोगों के साथ पहुंच गए। दोनों पक्षों में जमकर गाली-गलौज शुरू हो गई। इस पर अधिवक्ता पक्ष के लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। किसी तरह पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। शिवम पक्ष के लोग वहां से निकले तो आरोप है कि ज्ञानेंद्र पक्ष ने उन पर हमला बोल दिया। हमले के दौरान जमकर पीटा।

सूरज पक्ष का आरोप है कि वह दोबारा शिकायत लेकर थाने पहुंचे तो पुलिस ने उल्टा उनके खिलाफ ही जानलेवा हमले समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया। सूरज पक्ष से आक्रोशित भाजपा कार्यकर्ता, पार्षद अनुराग मिश्रा अन्नू समेत तमाम नेता पहुंच गए। देर शाम चौक कोतवाली स्थित एसीपी दफ्तर पहुंचे।

ठाकुरगंज पुलिस पर एक पक्षीय कार्रवाई का आरोप लगाकार धरने पर बैठ गए। पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, हंगामा किया। रात करीब 10:30 बजे तक हंगामा चलता रहा। बवाल की सूचना पर डीसीपी विश्वजीत श्रीवास्तव पहुंचे। कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें समझाकर शांत कराया। इसके बाद भी कार्यकर्ता नहीं माने। सैकड़ों की संख्या में ठाकुरगंज कोतवाली पहुंचे। हरदोई रोड जाम कर दी। भाजपा महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी पहुंचे। पुलिस अधिकारियों से बात कर निष्पक्ष कार्यवाई के लिए कहा। डीसीपी ने उन्हें आश्वासन दिया। अनुराग मिश्रा अन्नू ने बताया कि इसके बाद ठाकुरगंज पुलिस ने सूरज को थाने से छोड़ा। बवाल शांत हुआ।

हंगामे से कई किमी लंबा जाम :

देर रात तक ठाकुरगंज कोतवाली के पास चले हंगामा के कारण हरदोई रोड पर भीषण जाम लग गया। वाहनों के पहिए थम गए। इस दौरान कई एंबुलेंस और तमाम लोग जाम में फंसे रहे। हंगामा खत्म होने के करीब एक घंटे बाद यातायात सामान्य हो सका। मार्ग पर आवागमन शुरू हुआ।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।