ATS is investigating Doctor Adil Jaish e Mohammed connections from Srinagar to Saharanpur श्रीनगर से सहारनपुर तक डॉ. आदिल का कनेक्शन तार खंगालने में जुटी ATS, घर से बरामद हुई थी AK-47, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

श्रीनगर से सहारनपुर तक डॉ. आदिल का कनेक्शन तार खंगालने में जुटी ATS, घर से बरामद हुई थी AK-47

जैश ए मोहम्मद के समर्थन में श्रीनगर में पोस्टर लगाने वाले डॉक्टर आदिल की गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। श्रीनगर पुलिस के साथ अब सहारनपुर पुलिस और एटीएस भी उसके नेटवर्क की गहराई से जांच में जुट गई हैं। 

Sun, 9 Nov 2025 10:11 PMPawan Kumar Sharma संवाददाता, सहारनपुर
share
श्रीनगर से सहारनपुर तक डॉ. आदिल का कनेक्शन तार खंगालने में जुटी ATS, घर से बरामद हुई थी AK-47

जैश-ए-मोहम्मद के समर्थन में श्रीनगर में पोस्टर लगाने वाले डॉ. आदिल का सहारनपुर और श्रीनगर पुलिस के अलावा एटीएस भी सहारनपुर से श्रीनगर तक कनेक्शन खंगालने में लग गई है। खुफिया विभाग की टीमें सहारनपुर में डेरा डाले हुए हैं। अनंतनाग निवासी एमबीबीएस व एमडी मेडिसन डॉ. आदिल को तीन दिन पहले श्रीनगर पुलिस ने कोतवाली सदर बाजार पुलिस की मदद से अंबाला रोड स्थित एक निजी अस्पताल से गिरफ्तार किया था। डॉ. आदिल काफी समय से सहारनपुर में रह रहा था। अस्पताल प्रबंधन डॉ. आदिल को बर्खास्त कर चुका है। वहीं श्रीनगर पुलिस ने अनंतनाग में आरोपी के घर से सर्च ऑपरेशन में एके 47 बरामद की थी।

डॉ. आदिल मूलरूप से अनंतनाग का रहने वाला है। डॉ. आदिल ने सहारनपुर में रहते हुए एक महिला चिकित्सक से निकाह किया था। वह छह माह से सहारनपुर में ही अंबाला रोड पर अस्पताल के पास रह रहा था। वहीं डॉ. आदिल ने जैश-ए-मोहम्मद संगठन के समर्थन में श्रीनगर में पोस्टर लगाकर हिंसा कराने का प्रयास किया था। इस मामले में पुलिस ने श्रीनगर में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज में पोस्टर लगाने दिखाई दिए। इनमें डॉ. आदिल की पहचान हुई थी। टीम ने डॉ. आदिल को सहारनपुर से दबोच लिया। अब अस्पताल प्रबंधन ने डॉक्टर को बर्खास्त कर दिया।

वहीं, सूत्र बताते हैं कि डॉ. आदिल की गिरफ्तारी के बाद से लखनऊ, मेरठ और देवबंद एटीएस भी सतर्क हो गई है। एटीएस की टीमें सहारनपुर डेरा डाले हुए हैं। श्रीनगर से सहारनपुर तक के कनेक्शन खंगाले जा रहे हैं। इसके साथ ही स्थानीय पुलिस भी मामले को गंभीरता से ले रही है। डॉ. आदिल किस-किस के संपर्क में रहा है, किस तरह सहारनपुर के निजी अस्पताल में नौकरी प्राप्त की, इसकी जांच की जा रही है। डॉ. आदिल अनंतनाग के एक राजकीय अस्पताल में भी नौकरी कर चुका है। श्रीनगर पुलिस ने अनंतनाग स्थित डॉक्टर के घर में सर्च ऑपरेशन कर एके-47 भी बरामद की है।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:दबिश के दौरान हिस्ट्रीशीटर ने पुलिस पर दागी गोलियां, सिपाही घायल

खतरनाक थे डॉ. आदिल के मंसूबे

एटीएस की जांच में सामने आया है कि डॉ. आदिल के मंसूबे खतरनाक थे। उसके लैपटॉप और मोबाइल फोन से भी देश विरोधी से गतिविधियों से संबंधित सामग्री भी मिली है। सूत्र बताते हैं कि एटीएस डॉ. आदिल को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। इसके साथ ही डॉ. आदिल के संपर्क में रहे लोगों से भी पूछताछ की गई। सूत्र बताते हैं कि कई संदिग्ध एटीएस की रडार पर हैं। डॉ. आदिल के रिमांड पर लेने के बाद कई चौंकाने वाले खुलासे हो सकते हैं।

अनंतनाग में डॉक्टर के लॉकर से एके-47 राइफल जब्त

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने केंद्र शासित प्रदेश के बाहर के दो डॉक्टरों की गिरफ्तारी के बाद दक्षिणी कश्मीर के अनंतनाग जिले में डॉक्टर आदिल के घर में रखी अलमारी के लॉकर से एक एके-47 राइफल बरामद की है। शीर्ष अधिकारियों ने यह जानकारी दी। कहा कि दक्षिण कश्मीर निवासी डॉक्टर आदिल अहमद को दो दिन पहले उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में गिरफ्तार किया गया था। एक अन्य डॉक्टर को भी एक समन्वित अभियान में जम्मू-कश्मीर के बाहर से गिरफ्तार किया था। आदिल अक्तूबर 2024 तक जीएमसी अनंतनाग में सीनियर रेजिडेंट के रूप में कार्यरत था। दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर श्रीनगर स्थानांतरित कर दिया गया है। मॉड्यूल के एक अन्य सदस्य की तलाश जारी है। पूछताछ के दौरान इनमें से एक ने खुलासा किया कि टीम ने डॉक्टर आदिल के अनंतनाग स्थित घर से अलमारी के लॉकर में एके राइफल रखी थी, जिसे छापेमारी कर बरामद कर लिया गया था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:आत्महत्या कर लूंगी; पत्नी की जिद के आगे झुका पति, प्रेमी से करा दी शादी

बिलाल की कुंडली भी खंगाल रही एटीएस

एटीएस द्वारा सितंबर में सहारनपुर के गांव तीतरो से पकड़ा गया बिलाल आतंकी संगठन अलकायदा इन इंडियन बस कॉटीनेट (एक्यूआईएस) सक्रिय सदस्य रहा है। एटीएस ने संदिग्ध आंतकी बिलाल को जब रिमांड पर लिया तो चौंकाने वाले खुलासे हुए। बिलाल के बारे में भी जानकारियां हासिल करने को एटीएस ने सहारनपुर में डेरा डाल रखा है।

तीतरो निवासी बिलाल की पारिवारिक हिस्ट्री भी एटीएस खंगालने में जुटी है। इसके साथ ही पता लगाया जा रहा है कि बिलाल के संपर्क में कौन-कौन रहा है। सितंबर माह पकड़ने जाने पर बिलाल के पास मोबाइल फोन और लैपटॉप भी मिला था, जिसमें कई पाकिस्तान मोबाइल फोन नंबर भी थे। आरोपी व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए भी आतंकी संगठन से जुड़ा था। बिलाल अपने आकाओं के कहने पर देश विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहा है। बिलाल ने अलकायदा से मिलकर सरकार गिराने की भी साजिश रची है। अब चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। एटीएस बिलाल नजदीकियों पर भी शिंकजा कसने की तैयारी में है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।