डांट से नाराज होकर थाने पहुंचा इकलौता बेटा, पुलिस के सामने पिता को पैरों में गिरकर मांगनी पड़ी माफी
देवरिया में बेटे-बाप के बीच अनोखी घटना सामने आई। डांट से नाराज किशोर बेटे ने पिता के खिलाफ तहरीर देकर पुलिस को बुलाया, वहीं पिता को अपने इकलौते बेटे के पैरों में गिरकर माफी मांगनी पड़ी। यह मामला डेढ़ घंटे तक कोतवाली में चर्चा का केंद्र बना रहा।

यूपी के देवरिया जिले के सदर कोतवाली में शुक्रवार को एक संवेदनशील तस्वीर सामने आई। पिता ने डांटा तो किशोर बेटा उनके विरुद्ध तहरीर लेकर कोतवाली पहुंच गया। इकलौते बेटे के सामने पिता एक घंटे तक गिड़गिड़ता रहा। यही नहीं, पिता को उसके पैरों में गिर कर माफी मांगनी पड़ी। वहीं, कोतवाली में डेढ़ घंटे तक यह मामला चर्चा का विषय बना रहा।
देवरिया शहर के एक मोहल्ले का रहने वाला किशोर कक्षा 11 में पढ़ता है। वह अपने मां-बाप का इकलौता बेटा है। पिता ने किसी बात को लेकर बेटे को कुछ युवकों के सामने डांट दिया। यह बात बेटे को इतनी बुरी लग गई और वह कोतवाली पहुंच गया। पिता पर पिटाई करने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दे दी। कोतवाली पुलिस जांच शुरू की और पिता को तलब कर लिया। पिता ने पूरी बात बताई और बेटे को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह मानने को तैयार नहीं था। वह पिता पर कार्रवाई की मांग कर रहा था। वह बार-बार अपने मामा को कोतवाली बुलाने की भी मांग करता रहा। अंत में पिता बेटे के पैरों पर गिर पड़ा और माफी मांगी। उसके बाद बेटा माना और पिता के साथ जाने को तैयार हुआ।
पिता ने बेटे की हत्या करने के बाद की खुदकुशी
उधर, कानपुर में 45 साल के एक जौहरी ने अपने छोटे बेटे की कथित तौर पर हत्या कर दी और बड़े बेटे को ईंट से मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया तथा उसके बाद अपने घर में जहर खा लिया और फंदा लगा लिया।
पुलिस ने बताया कि यह घटना अरौल पुलिस थानाक्षेत्र के हाशिमपुर गांव में हुई। मृतकों की पहचान अजय कटियार (45) और उनके सात साल के बेटे शुभ के रूप में हुई है, जबकि घायल बच्चे रुद्र (12) का इलाज किया जा रहा है। पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि अजय अपने दो बेटों के साथ रहता था। उन्होंने बताया कि अजय ने पहले दोनों बच्चों पर ईंट से हमला किया और दोनों को मरा हुआ सोचकर छोड़ दिया। उन्होंने बताया कि इसके बाद उसने जहर खाया और घर के अंदर फंदा लगा लिया।




साइन इन