ACP सदर कहां गायब हैं; चौराहे पर जाम देखकर कमिश्नर का चढ़ा पारा, वायरलेस सेट पर ही लगा दी क्लास
यूपी के आगरा में शाम के समय में भयंकर जाम मिल रहा है। इसी की हकीकत देखने पुलिस आयुक्त और डीसीपी सिटी सड़क पर निकले। लेकिन इस दौरान एसीपी लापता थे। इस पर सीपी नाराज हो गए और वायरल सेट से ही उनकी क्लास लगा दी। उन्होंने कहा, एसीपी सदर कहां गायब हैं। इतना भी कॉमन सेंस नहीं है क्या?

UP News: यूपी के आगरा में पुलिस आयुक्त दीपक कुमार और डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास सड़क पर निकले। इस दौरान चौराहे पर भीड़ थी, वहीं एसीपी लापता थे। इस पर सीपी नाराज हो गए और वायरल सेट से ही एसीपी की क्लास लगा दी। उन्होंने कहा, ‘एसीपी सदर कहां गायब हैं। इतना भी कॉमन सेंस नहीं है क्या?’ सीपी के नाराज होने का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
यूपी में भयंकर भीषण गर्मी पड़ रही है। लोग शाम के समय खरीदारी करने निकलते हैं। आगरा में शाम छह बजे से रात नौ बजे तक जगह-जगह भीषण जाम लगता है। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार और डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास बुधवार की रात खुद हकीकत देखने सड़क पर निकले। मधुनगर चौराहे की हालत देख पुलिस आयुक्त का पारा चढ़ गया। एसीपी लापता थे। पुलिस आयुक्त ने वायरलेस सेट पर ही उनकी क्लास लगा दी।
हर चौराहों पर जाम
चौराहों को अतिक्रमण मुक्त करने के निर्देश लखनऊ से मिले हैं। जनता को जाम से राहत दिलाने के लिए पुलिस को कार्रवाई के लिए कहा गया है। रामबाग, भगवान टॉकीज, मधुनगर, बोदला, शाहगंज, टेढ़ी बगिया, बसई आदि जगह बुधवार को एक साथ अभियान चलाया गया। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार सौदागर लाइन होते हुए मधुनगर चौराहे पर पहुंचे। पुलिस आयुक्त को पहले सौदागर लाइन पर जाम मिला। पुलिस आयुक्त के वहां से गुजरने की सूचना पर पुलिस सदर बाजार में यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने में जुट गई। पुलिस आयुक्त डीसीपी सिटी के साथ मधुनगर चौराहे पर पहुंच गए। वहां तो हालात बहुत खराब थे। भीषण जाम था। सड़क पर ही ठेलें लगी थीं। जिसका जहां मन कर रहा था उधर से गुजर रहा था। यह देख पुलिस आयुक्त का पारा चढ़ गया।
इंस्पेक्टर सदर की भी लगी क्लास
वायरलेस सेट पर एसीपी सदर रामप्रवेश गुप्ता की क्लास ली। पूछा एसीपी कहां गायब हो। हम यहां खड़े हैं। इसके बाद जो बोला उसे सुनकर पुलिसकर्मियों का पसीना छूट गया। इसके बाद इंस्पेक्टर सदर विजय विक्रम सिंह की क्लास लगी। पुलिस आयुक्त को शिकायत मिली थी कि पुलिस रात में ग्वालियर रोड पर खनन के वाहनों से वसूली में लिप्त रहती है। सैंया की तरफ से आने वाले वाहनों को रोका जाता है। बड़े वाहनों से बुंदूकटरा इलाके में सबसे ज्यादा वसूली होने लगी है। पुलिस आयुक्त ने साफ शब्दों में कहा कि अवैध वसूली की शिकायत मिली तो खैर नहीं है। जो गाड़ी नियम विरुद्ध गुजरेगी उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जिस गाड़ी चालक के पास कागजात होंगे उसे परेशान नहीं किया जाएगा।
भगवान टॉकीज से वाटर वर्क्स तक फंसा ट्रैफिक
भगवान टॉकीज से वाटर वर्क्स के बीच शाम के समय भीषण जाम लगने लगा है। मेट्रो निर्माण के चलते सर्विस रोड पर जगह-जगह बैरिकेडिंग लगा दी गईं हैं। सर्विस रोड कई जगह संकरी गली बन गई है। कमला नगर जाने वाले कई रास्तों को बैरिकेडिंग लगाकर बंद कर दिया गया है। इस वजह से मुगल रोड पर यातायात का दबाव बढ़ गया है। शाम छह बजे से रात नौ बजे तक सुल्तानगंज की पुलिया के नीचे जाम लगने लगा है। यातायात पुलिस कर्मियों को मुगल रोड पर खड़े होकर यातायात का संचालन करना पड़ रहा है। यही स्थिति वाटर वर्क्स से भगवान टॉकीज आने वाले मार्ग की हो गई है। बैरिकेडिंग की वजह से सर्विस रोड पर जगह ही नहीं बची है।
चौराहों से हटवाया अतिक्रमण
रामबाग, बोदला, भगवान टॉकीज चौराहे से भी अतिक्रमण हटवाया गया। पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिए कि चौराहों की स्थिति प्रतिदिन ऐसी ही रहनी चाहिए। ऐसा नहीं होना चाहिए कि पुलिस आए तो अतिक्रमण हट जाए। उसके जाते ही स्थिति फिर पहले जैसी हो जाए।




साइन इन