आसाराम बापू अयोध्या पहुंचे, सरयू घाट पर पूजा कर बोले- तीर्थ यात्रा से मिटते हैं दोष
यौन शोषण मामले में सजायाफ्ता आसाराम बापू मंगलवार को अयोध्या पहुंचे। यहां प्रवास के दौरान उन्होंने सरयू तट पर आयोजित आरती में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि तीर्थों में जाने से दोषों का निवारण होता है और भारत में सात मोक्षदायी स्थान हैं।

यौन शोषण मामले में सजायाफ्ता आसाराम बापू मंगलवार को अयोध्या पहुंचे। यहां प्रवास के दौरान उन्होंने सरयू तट पर आयोजित आरती में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने प्रमुख मंदिरों में दर्शन-पूजन भी किया। मीडिया से बातचीत में आसाराम ने कहा कि तीर्थों में जाने से दोषों का निवारण होता है और भारत में सात मोक्षदायी स्थान हैं। बताया जा रहा है कि बुधवार को उनका राम मंदिर का कार्यक्रम है।
अयोध्या प्रवास के दौरान उन्होंने मंगलवार शाम सरयू आरती में भाग लिया। पत्रकारों से औपचारिक बातचीत में आसाराम ने कहा कि भारत में सात मोक्षदायी स्थान हैं, जिनमें अयोध्या और मथुरा भी शामिल हैं। उनके अनुसार इन स्थानों पर जाने या यहां प्राण त्यागने से कल्याण होता है और दुनिया में ऐसा कहीं और नहीं है।
आसाराम ने कहा कि शरीर में वात, पित्त और कफ तीन तरह के दोष होते हैं और तीर्थों में जाने से इनमें से एक दोष समाप्त हो जाता है। उनके अनुसार इन तीर्थों में अयोध्या का स्थान पहला है। उन्होंने मथुरा के एक संत का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने साधुता का पालन नहीं किया, लेकिन मृत्यु के बाद भी वे नरक में नहीं गए, बल्कि जंगलों में देखे गए। आसाराम ने हंसते हुए कहा कि संत बलराम दास ने उन्हें देखा था। हालांकि अयोध्या पहुंचने के बाद काफी देर तक उन्होंने लोगों से मुलाकात करने से परहेज किया।
आसाराम ने कहा, “भारत में सात स्थान ऐसे माने गए हैं, जहां जाने या प्राण त्यागने से व्यक्ति का मंगल होता है। ये स्थान हैं- अयोध्या, मथुरा, माया (हरिद्वार), काशी, कांची, अवंतिका (उज्जैन) और पुरी। हमारे शरीर में वात, पित्त और कफ तीन दोष होते हैं और तीर्थों में जाने से इनमें से एक दोष कम हो जाता है। इन तीर्थों में अयोध्या को पहला स्थान दिया गया है।”
उन्होंने आगे कहा कि मथुरा में एक व्यक्ति साधु वेश में रहता था, लेकिन उसने साधुता का पालन नहीं किया। वह शराब और मांस का सेवन करता था। इसके बावजूद मृत्यु के बाद उसे नरक नहीं मिला और उसे जंगलों में देखा गया। आसाराम ने दावा किया कि संत बलराम दास ने उसे देखा था।
राम मंदिर जाने को लेकर नाराजगी
आसाराम के अयोध्या पहुंचने पर कुछ लोगों ने नाराजगी भी जताई है। सोशल मीडिया पर इसको लेकर कई टिप्पणियां की जा रही हैं। एक यूजर ने एक्स पर लिखा, “दोषी और बलात्कारी आसाराम पैरोल पर बाहर घूम रहा है और मीडिया के सामने प्रवचन दे रहा है।” वहीं एक अन्य यूजर ने लिखा, “नाबालिग से दुष्कर्म का दोषी और उम्रकैद की सजा काट रहा आसाराम अब ‘वीआईपी’ बनकर रामलला के दर्शन करेगा। क्या मंदिर ट्रस्ट के पास ऐसे अतिथियों के लिए भी समय है?”




साइन इन