अब दरी बिछाने की नहीं, हिस्सेदारी की बात होगी; बहराइच से ओवैसी ने अखिलेश पर साधा निशाना
बहराइच की मटेरा विधानसभा में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने 2027 चुनाव का शंखनाद करते हुए शौकत अली को उम्मीदवार घोषित किया। उन्होंने सपा और अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा “अब दरी नहीं, हिस्सेदारी की बात होगी।”

यूपी चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) ने भी अपनी राजनीतिक सक्रियता बढ़ा दी है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार रात बहराइच जिले की मटेरा विधानसभा क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए चुनावी माहौल को गर्म कर दिया। इस दौरान उन्होंने मटेरा विधानसभा सीट से शौकत अली को पार्टी का उम्मीदवार घोषित कर बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। बहराइच के शंकरपुर चौराहा पर आयोजित जनसभा में ओवैसी ने कहा कि उनकी पार्टी संविधान और इंसाफ की लड़ाई लड़ रही है।
'अब दरी बिछाने की नहीं, हिस्सेदारी की बात होगी'
उन्होंने कहा कि संविधान का पहला पन्ना इंसाफ की बात करता है और मजलिस उसी सिद्धांत पर आगे बढ़ रही है। उन्होंने समर्थकों से यूपी में अपनी राजनीतिक नेतृत्व क्षमता विकसित करने का आह्वान किया और कहा कि शौकत अली के नेतृत्व में पार्टी राज्य में अपनी मजबूत पहचान बनाएगी। सभा के दौरान ओवैसी ने विपक्षी दलों को भी संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यदि कोई भाजपा को सत्ता में आने से रोकना चाहता है तो AIMIM सहयोग के लिए तैयार है, लेकिन यह साझेदारी सम्मानजनक आधार पर होनी चाहिए। उन्होंने कहा, “अब दरी बिछाने की बात नहीं होगी, अब हिस्सेदारी की बात होगी।” उनके इस बयान को उत्तर प्रदेश की राजनीति में भागीदारी और राजनीतिक प्रतिनिधित्व की मांग के रूप में देखा जा रहा है।
अखिलेश यादव पर ओवैसी का निशाना
एआईएमआईएम प्रमुख ने समाजवादी पार्टी और उसके अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा लगातार यह प्रचार करती है कि ओवैसी की राजनीति से भाजपा को लाभ होता है, लेकिन जनता अब ऐसे आरोपों को समझ चुकी है। उन्होंने बिहार और पश्चिम बंगाल के चुनावी अनुभवों का जिक्र करते हुए कहा कि उनकी पार्टी को रोकने की कोशिशें पहले भी की गईं, लेकिन जनता ने उन्हें स्वीकार नहीं किया। ओवैसी ने दावा किया कि यूपी के युवाओं में नई राजनीतिक चेतना पैदा हो रही है और आने वाले समय में मटेरा ही नहीं, बल्कि प्रदेश की कई विधानसभा सीटों पर ऐसा ही माहौल देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं करेगी।
योगी सरकार को भी घेरा
सभा के दौरान ओवैसी ने उत्तर प्रदेश सरकार की एनकाउंटर नीति पर भी सवाल उठाए और कहा कि कानून का शासन संविधान के दायरे में होना चाहिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुछ बयानों का जिक्र करते हुए उन्होंने महिलाओं की सुरक्षा और न्याय से जुड़े मुद्दों को भी उठाया। ओवैसी के इस कार्यक्रम को यूपी विधानसभा चुनाव 2027 की दिशा में उनकी पार्टी के चुनावी अभियान की महत्वपूर्ण शुरुआत माना जा रहा है।




साइन इन