यूपी में एक और युवक की पीट-पीट कर हत्या, प्रेमिका से मिलने आया था, युवती ने भी रेता अपना गला
यूपी के हमीरपुर में एक और युवक की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई है। युवक अपनी प्रेमिका से मिलने आया था। इसकी जानकारी मिलने पर युवती ने भी अपना गला रेत लिया है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उसे सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

यूपी में एक और युवक को पीट-पीटकर मौत के घाट उतार दिया है। युवक बुधवार को बांदा से हमीरपुर प्रेमिका से मिलने पहुंचा था। वह प्रेमिका से मिलने परछछ गांव आया था, इसकी भनक प्रेमिका के परिजनों को हुई तो उन्होंने उसे पकड़ लिया। उसे बांधकर लाठियों से पीटा गया। उसकी तब तक पिटाई की गई, जब तक उसने दम नहीं तोड़ दिया। उधर प्रेमी की मौत की खबर पाते ही प्रेमिका ने अपना गला चाकू से रेत लिया। आनन-फानन उसे सीएचसी मौदहा ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
बांदा जिले के जसपुरा निवासी 24 वर्षीय रवि श्रीवास बुधवार दोपहर करीब 12 बजे परछछ गांव अपनी प्रेमिका से मिलने आया था। इसकी जानकारी होने पर प्रेमिका के चाचा पहुंचे और रवि से विवाद करने लगे। दोनों में मारपीट शुरू हो गई। चाचा घर से चाकू ले आए और रवि पर कई वार कर दिए। हो-हल्ला मचने पर अन्य परिजन भी जुट गए। रवि को रस्सी से बांध दिया और लाठियों से पीटना शुरू कर दिया। मरणासन्न हालत में हमलावर उसे लेकर सीएचसी पहुंचे जहां डॉक्टरों से जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
परिजनों का कहना है कि रवि उनकी बेटी को जबरिया अपने साथ लेकर जा रहा था। विरोध करने पर वह मारपीट करने लगा। उधर, कुछ देर बाद प्रेमिका को पता चला की रवि की मौत हो गई तो उसने चाकू से अपना गला रेत लिया। खून का फव्वारा छूटने पर परिजनों व पुलिस के हाथपांव फूल गए। आनन-फानन पुलिस उसे ऑटो से लेकर सीएचसी मौदहा पहुंची। हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया है।
एसपी डॉ. दीक्षा शर्मा ने बताया कि रवि के पिता कालीदीन उर्फ उमाशंकर श्रीवास की तहरीर पर मुकेश, पुत्तन, बल्ली, कल्ली पत्नी मैकू और सूबेदार उर्फ मुन्नी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। तीन लोगों को पकड़कर उनसे पूछताछ की जा रही है। गांव में शांति-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस तैनात की गई है। युवक को घर के अंदर मारा गया है। कई बिंदुओं पर तफ्तीश हो रही है।
रिश्ते में था चचेरा भाई, पांच महीने पहले दोनों भागे थे घर से
पुलिस के मुताबिक प्रेम-प्रसंग के चलते जान से हाथ धोने वाला रवि रिश्ते में प्रेमिका का चचेरा भाई था। करीब 20 साल पहले रवि का परिवार परछछ गांव से निकलकर बांदा के जसपुरा में बस गया था। पांच महीने पहले रवि प्रेमिका को उसकी शादी से चार दिन पहले भगा ले गया था। हालांकि पुलिस के दबाव के चलते 15 दिन बाद उसे गांव छोड़ गया था। इस बार भी प्रेमिका की शादी दो नवंबर को तय थी।




साइन इन