लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे Toll प्लाजा पर वकीलों का हंगामा, भागे कर्मचारी; बैरियर तोड़ टोल फ्री कर दिया
यूपी के बाराबंकी जिले में लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे टोल प्लाजा पर आक्रोशित वकीलों ने जमकर हंगामा किया। साथी अधिवक्ता की पिटाई से नाराज वकीलों ने सभी बूम बेरियर तोड़ डाले। कर्मचारियों के भाग खड़े होने से टोल फ्री हो गया।

यूपी के बाराबंकी जिले में सुल्तानपुर- लखनऊ हाइवे पर अपराह्न साढ़े चार बजे लखनऊ से पहंुचे सैकड़ों की संख्या में अधिवक्ताओं ने बारा टोल प्लाजा पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया। हाईवे को कुछ देर के लिए जाम कर दिया। जिससे टोल प्लाजा का माहौल तल्ख हो उठा। आंदोलित अधिवक्ता हैदरगढ़ पुलिस द्वारा हाईकोर्ट प्रयागराज के अधिवक्ता की पिटाई के मामले में पकड़े गए आरोपियों का शांतिभंग की धारा में चालान करने को लेकर खफा थे। इसके पूर्व हाईकोर्ट के अधिवक्ता की पिटाई के विरोध में गुरुवार को साढ़े तीन घंटे चले विरोध प्रदर्शन के बाद अधिकारियों के आश्वासन पर हैदरगढ़ के अधिवक्ता लौट गए थे। इसके एक घंटे बाद फिर शुरू हुए विरोध प्रदर्शन से माहौल तल्ख हो गया। नाराज अधिवक्ताओं ने अपर पुलिस अधीक्षक, एसडीएम और भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में टोल प्लाजा पर दोबारा लगाए जा रहे बूम बैरियर को भी तोड़ दिया है। कर्मचारियों के भाग खड़े होने से टोल फ्री हो गया।
बताते चलें कि इसके पूर्व टोल प्लाजा पर गुरुवार की दोपहर में लगभग 12 बजे तहसील बार अध्यक्ष अचल मिश्र एवं प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे अधिवक्ता शोमिल शुक्ला ने साढ़े तीन घंटे प्रदर्शन के बाद शाम चार बजे आन्दोलन की समाप्ति की घोषणा की। सभी वकील टोल प्लाजा से तहसील आ गए थे। टोल पर दल बल के साथ मौजूद पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी अभी टोल का संचालन शुरू ही करा सके थे। इसी समय उत्तर प्रदेश बार कौंसिल के सदस्य अखिलेश अवस्थी हाईकोर्ट लखनऊ के तीन दर्जन से अधिक अधिवक्ताओं के साथ टोल पर पहुंचे। यहां मौजूद एएसपी एवं एसडीएम आदि से पूछा कि वकील को बेरहमी से पीटने वाले गुंडों का चालान शांति भंग की धाराओं में क्यों किया गया है। जिस पर अधिकारी चुप रहे। इसके बाद अवस्थी के साथ मौजूद वकीलों ने टोल का संचालन रोक कर टोल फ्री करा दिया।
साथ ही वकीलों के साथ अधिकारियों द्वारा धोखा देने की बात तहसील में मौजूद वकीलों को दी। इस जानकारी के बाद बड़ी संख्या में वकील पुन: टोल प्लाजा पहुंचकर उग्र हो गए। सभी बूम बैरियर तोड़ डाले गए। टोल कर्मी भाग खड़े हुए। लखनऊ से बार कौंसिल के प्रत्याशी सुरेश मिश्र, दीपक यादव आदि वकीलों का काफिला लगातार टोल पर पहुंच रहा था। हालांकि शाम लगभग साढ़े छह बजे अधिकारियों ने बार कौंसिल के सदस्य अखिलेश अवस्थी से वार्ता की। इस दौरान आश्वासन दिया कि आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराएं जोड़ दी जाएंगी। इसके बाद अधिवक्ता शांत हुए। अधिवक्ता अखिलेश अवस्थी ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगे पूरी नहीं हुई तो शुक्रवार को फिर आंदोलन को विवश होंगे।
भाकियू कार्यकर्ता भी आंदोलित: गुरुवार को भाकियू कार्यकर्ता भी टोल प्लाजा पहुंचकर वकीलों के आन्दोलन में शामिल हो गए। भाकियू कार्यकर्ताओं ने वकीलों का समर्थन किया। उग्र आंदोलन में वकीलों के साथ हंगामा किया।




साइन इन