यूपी में माहौल खराब करने की कोशिश, मंदिर में खंडित कीं दो मूर्ति, ग्रामीणों का हंगामा
यूपी में साल के आखिरी दिन माहौल खराब करने की कोशिश की गई। दो जिलों में शरारती तत्वों ने मंदिर के अंदर मूर्तियों को खंडित कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई।

यूपी के बिजनौर में माहौल खराब करने की कोशिश की गई। सरकड़ा चकराजमल गांव में मंदिर पर शरारती तत्वों ने दो मूर्तियां खंडित कर दीं। इसका पता चलने पर ग्रामीणों में रोष फैल गया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया। वहीं पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगालने शुरू कर दिए हैं।
ग्रामीण सुभाष चौहान, दिनेश सैनी, विकास कुमार आदि का आरोप है कि गांव के मंदिर पर शरारती तत्वों ने माहौल खराब करने के मकसद से बुधवार देर रात दो मूर्तियां खंडित कर दीं। गुरुवार सुबह मूर्तियां खंडित देख ग्रामीणों में रोष फैल गया। इसके बाद ग्रामीण की भीड़ जमा हो गई। उन्होंने मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। ग्रामीणों ने पुलिस से जांच कर आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की।
ग्रामीण ने चेताया कि यदि आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। पुलिस ने कमेटी को कार्रवाई का भरोसा देकर नई मूर्ति लेने के लिए हरिद्वार रवाना किया। धामपुर सीओ अभय कुमार पांडेय ने बताया, मामले में सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों को समझाकर शांत किया गया है। नई मूर्ति स्थापित कराई जाएंगी।
हरदोई में ईंट से शिवलिंग को पहुंचाया नुकसान
यूपी के हरदोई जिले में एक शिव मंदिर में कथित तौर पर ईंट से वार कर शिवलिंग को नुकसान पहुंचाने की घटना से तनाव फैल गया। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस क्षेत्राधिकारी हरियांवा अजीत सिंह ने बताया कि शिवलिंग अपने स्थान से खिसक गया था और मन्दिर प्रबंधन ने शिवलिंग को ठीक करा दिया है। स्थानीय लोगो के मुताबिक, बुधवार रात पिहानी के मोहल्ला छीपीटोला स्थित शिव मंदिर फुलवारी बगिया में किसी ने ईंट फेंकी थी, जिसके कारण शिवलिंग अपने स्थान से हट गया। ग्रामीणों को कहना है कि शिवलिंग को नुकसान पहुंचा कर लोगों की धार्मिक आस्था को चोंट पहुंचाई गई है। पुलिस फिलहाल सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है और लोगों से पूछताछ कर रही है।




साइन इन