मोहर्रम के पर्व को पूरे जनपद में शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण रूप से मनाएं: डीएम
Amroha News - जिला मजिस्ट्रेट डा. नितिन गौड़ की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में मोहर्रम के पर्व की शांति एवं कानून व्यवस्था पर बैठक हुई। डीएम ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिया कि पर्व को परंपरागत तरीके से मनाते हुए किसी भी समस्या की सूचना जिला प्रशासन एवं पुलिस को दें।

जिला मजिस्ट्रेट डा. नितिन गौड़ की अध्यक्षता और एसपी लखन सिंह यादव की उपस्थित में कलक्ट्रेट सभागार में आगामी मोहर्रम के पर्व पर शांति एवं कानून व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के संबंध में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों, समाज के संभ्रांत नागरिकों के साथ शांति समिति की बैठक की गई। डीएम ने कहा की साम्प्रदायिक सौहार्द को बनाए रखते हुए पर्व को परम्परागत रूप से मनाएं। अगर कहीं पर कोई समस्या है तो जिला प्रशासन एवं पुलिस को अवगत कराएं। समय रहते ही समस्या का उचित निस्तारण किया जाएगा। अलम और ताजिया परंपरागत मार्गों पर से ही निकाले जाएं। अलम की ऊंचाई मानक के अनुरूप रहे। डीएम ने कहा कि 17 जून से 26 जून तक मोहर्रम के पर्व को पूरे जनपद में शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण रूप से मनाया जाए।
प्रशासनिक निर्देश
डीएम ने जिला पंचायत राज अधिकारी, नगर पालिका, नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को साफ सफाई व्यवस्था एवं विद्युत विभाग के अधिकारियों को गर्मी के दृष्टिगत निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित रखने के निर्देश दिए। ट्रांसफार्मर खराब होने की समस्या का समाधान करते हुए मोबाइल ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराए जाएं तथा कोई भी ट्रांसफार्मर खुले में न रहे। पानी की व्यवस्था भी सुचारू रखने के निर्देश दिए गए। जुलूस के दौरान किसी प्रकार का अवरोध उत्पन्न न हो, विद्युत विभाग तारों को मानक अनुसार अलम की ऊँचाई के हिसाब से दुरूस्त कर लें।
स्वास्थ्य एवं सुरक्षा व्यवस्था
उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को जुलूस मार्ग पर एम्बुलेंस और डॉक्टर की व्यवस्था रखने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि कहीं पर भी गड्ढे और जलभराव की स्थिति न हो। संबंधित सभी अधिकारी समिति के सदस्यों से निरंतर सम्पर्क में रहें। इसके साथ पानी के टैंकर की उपलब्धता, बिजली व्यवस्था, इंटरनेट और विद्युत के तारों की ऊंचाई को दुरुस्त करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रखी जाए।
पुलिस एवं शांति समिति का सहयोग
एसपी लखन सिंह यादव ने कहा कि संबंधित क्षेत्रों के उपजिलाधिकारी एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी जुलूस मार्गों का भ्रमण कर आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ ही समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अनावश्यक रूप से कोई नई परंपरा ना डालें। ताजिया और अलम परंपरागत रूट से ही निकाले जाए। सोशल मीडिया पर किसी भी भ्रामक पोस्ट से बचने की सलाह दी। उन्होंने उपस्थित समिति के सदस्यों एवं संभ्रांत नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जिस आशय से यह पर्व मनाया जाता है उसे बरकरार रखें और शांतिपूर्वक मनाने में पुलिस प्रशासन का पूरा सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि अलम बनाते हुए सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। आयोजकों द्वारा जिला प्रशासन को आश्वस्त किया गया कि शासन के निर्देशों का अनुपालन करते हुए जिला प्रशासन एवं पुलिस का पूर्ण रूप से सहयोग किया जाएगा। इस दौरान एडीएम वित्त एवं राजस्व गरिमा सिंह, पुलिस अधीक्षक अखिलेश भदौरिया, समस्त एसडीएम एवं सीओ सहित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी तथा शांति समिति के सदस्य मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन