शीतलहर के बीच स्कूलों को लेकर ऐक्शन मोड में योगी, सभी जिलों के डीएम को जारी कर दिया ये आदेश
सीएम योगी ने कहा कि भीषण शीतलहर से गरीबों और हर जरूरतमंद को बचाने के लिए सरकार संवेदनशील है। किसी को कोई भी दिक्कत न हो, इसके लिए डबल इंजन सरकार पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। उन्होंने प्रदेश के सभी डीएम को भीषण शीतलहर में आवश्यकता पड़ने पर विद्यालयों को बंद करने और अवकाश घोषित करने का आदेश दिया।

यूपी में भीषण शीतलहर के बीच गरीबों-जरूरमंदों, यात्रियों और छोटे बच्चों को मौसम की मार से बचाने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ ऐक्शन मोड में हैं। रविवार की शाम गोरखपुर पहुंचते ही सीएम योगी रैन बसेरों का हाल जानने वहां खुद वहां पहुंच गए। सीएम ने कहा कि भीषण शीतलहर से गरीबों और हर जरूरतमंद को बचाने के लिए सरकार संवेदनशील है। किसी को कोई भी दिक्कत न हो, इसके लिए डबल इंजन सरकार पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी डीएम को आदेश दिया गया है कि भीषण शीतलहर में आवश्यकता पड़ने पर विद्यालयों को बंद करें और अवकाश घोषित करें। कहा कि बहुत आवश्यक हो तो वर्चुअल माध्यम से पढ़ाई की व्यवस्था की जाए।
सीएम योगी रविवार शाम गोरखपुर महानगर में दो रैन बसेरों का निरीक्षण करने के बाद मीडियाकर्मियों से बातचीत कर रहे थे। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि हर जरूरतमंद को रैन बसेरों में अच्छी सुविधा दी जाए। सीएम योगी कहा कि लोगों को भीषण शीतलहर से बचाने के लिए कंबल और ऊनी वस्त्र वितरण, रैन बसेरों के संचालन और अलाव की व्यवस्था करने के लिए प्रदेश के सभी जिलों में पर्याप्त धनराशि जारी कर दी गई है। प्रशासन को इसे प्राथमिकता पर लेते हुए यह सुनिश्चित करना होगा कि सभी रैन बसेरों में पर्याप्त संख्या में बिस्तर व कंबल का इंतजाम हो। साफ-सफाई का भी पूरा ध्यान रखा जाए। साथ ही यदि किसी के पास भोजन की व्यवस्था नहीं है तो उसे भोजन भी उपलब्ध कराया जाए।
मुख्यमंत्री ने टीपीनगर पास तथा धर्मशाला बाजार स्थित बने रैन बसेरे का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध सुविधाओं की पड़ताल की। सीएम योगी ने रैन बसेरों में ठहरे सभी लोगों से कुशलक्षेम जानने के साथ उनसे आत्मीय बातचीत भी की। मुख्यमंत्री ने उनसे पूछा कि यहां रैन बसेरों में कोई परेशानी तो नहीं। सबने व्यवस्था को लेकर संतोषजनक जवाब दिया। दोनों रैन बसेरों के बाहर मुख्यमंत्री ने अपने हाथों से जरूरतमंदों में कंबल और भोजन का वितरण कर उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार उनकी सेवा को प्रतिबद्ध है।




साइन इन