aligarh police arrest ipl betting king vipin varshney jewellery cash recovered up news आईपीएल सट्टेबाजी में दांव पर जेवरात, बड़े रैकेट का खुलासा, बुकी के पास से 23 अंगूठियां और गहने बरामद, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

आईपीएल सट्टेबाजी में दांव पर जेवरात, बड़े रैकेट का खुलासा, बुकी के पास से 23 अंगूठियां और गहने बरामद

अलीगढ़ की देहलीगेट पुलिस ने आईपीएल और अन्य क्रिकेट लीग में ऑनलाइन सट्टा खिलवाने वाले गिरोह के सरगना विपिन वार्ष्णेय को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 1.74 लाख रुपये नकद और सट्टे में हारे गए 23 सोने की अंगूठियां व एक मांग टीका बरामद हुआ है।

Thu, 2 April 2026 10:49 PMYogesh Yadav अलीगढ़, वरिष्ठ संवाददाता
share
आईपीएल सट्टेबाजी में दांव पर जेवरात, बड़े रैकेट का खुलासा, बुकी के पास से 23 अंगूठियां और गहने बरामद

आईपीएल व क्रिकेट के अन्य लीग मुकाबलों में ऑनलाइन एप्स पर लोगों को सट्टा खिलवाने वाले सट्टा ‘किंग’ (बुकी) विपिन वार्ष्णेय को बुधवार रात को देहलीगेट पुलिस ने दबोच लिया। आरोपी करीब पांच साल से सक्रिय है। चार माह पहले भी पुलिस ने इसे पकड़ा था। इसके पास से 1.74 लाख रुपये के अलावा जुए में लोगों द्वारा हारे गए जेवरात बरामद हुए हैं। इनमें 23 अंगूठियां व एक मांग टीका भी शामिल है। कई घंटे की पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया। पूछताछ में एक और आरोपी का नाम सामने आया है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है।

आईपीएल व क्रिकेट मुकाबलों में ऑनलाइन सट्टा खिलवाने को लेकर पुलिस गोपनीय रूप से सतर्क है। इसी बीच बुधवार रात को सर्च वारंट के आधार देहलीगेट थाना प्रभारी ईश्वर सिंह की टीम ने गूलर रोड गली नंबर एक निवासी विपिन वार्ष्णेय के घर पर दबिश दी, जहां से उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी पैंट की जेब से एक डायरी व दो पर्चियां मिलीं, जिस पर कुछ व्यक्तियों के नाम व नाम के सामने कुछ रुपये और कुछ क्रिकेट संबंधी बातें लिखीं थीं।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:नकाबपोश महिला ने तमंचा दिखाकर लूट ली ज्वेलरी शॉप, दिनदहाड़े वारदात से सहमा बाजार

जैसे पेरिस कुमार 6 ओवर सेशन 45 (600 रुपये), इसी प्रकार की अन्य बातें भी थीं। मोबाइल को चेक किया तो गूगल-पे में 600, 800, एक हजार, दो हजार, पांच हजार व 10 हजार रुपये जैसे तमाम ट्रांजेक्शन आने के मिले हैं। सख्ती से पूछताछ में विपिन ने बताया कि सभी ट्रांजेक्शन सट्टे के लिए खाते में हुए हैं। जो जितने रुपये की बिड लगाता है, वही उतने रुपये ट्रांसफर कर देता है। उसी के नाम से एक डायरी में नाम आदि लिखे जाते हैं। इसके पास से एक लाख 74 हजार 16 रुपये, एक मोबाइल फोन, 23 अंगूठियां, एक मांग टीका व एक पॉकेट डायरी बरामद हुई है।

इन ऐप्स पर सट्टा खिलवाता था

आरोपियों ने बताया कि वह कुछ ऐप्स के माध्यम से सट्टा खिलवाता है। इसमें 6wicket.co, crick99.in, lakshy24.com, royal777pro.com हैं, जिस पर उसने आईडी बना रखी हैं। विपिन ने बताया कि सट्टे के अलावा वह कुछ व्यक्तियों को आईडी बेचता है। उसी के बदले लोग पैसे व अपनी अंगूठी आदि कुछ आभूषण देते हैं। जो जीत जाता है, उसको जीत के हिसाब से पैसे देते हैं। जो हार जाते हैं उनका पैसा व आभूषण रख लिया जाता है।

साथी का नाम बताया, तलाश में पुलिस

आरोपी पुलिस से बचने के लिए मोबाइल फोन बदलता रहता है। अधिकतर रिकॉर्ड डिलीट कर देता है। अपने दोस्तों का भी मोबाइल प्रयोग करता है। उसने अपने साथी का नाम गोंडा क्षेत्र के बसौली निवासी काका बताया। काफी दिनों में आरोपी उसी के फोन से लेनदेन कर रहा था। वह भी आईडी बेचता है। काका भी बन्नादेवी क्षेत्र में सट्टा खिलवाता है।

हर माह 15 से 20 लाख की कमाई

एसपी के अनुसार विपिन घर में लोहा पत्ती का कारोबार करता है। इसी की आड़ में गोरखधंधा चला रहा था। लोगों को सट्टा खिलवाने के अलावा चार प्रतिशत कमीशन पर आईडी भी बेचता था। हर माह औसतन करीब 15 से 20 लाख रुपये का (कमाई) लेनदेन करता था। पुलिस उसके बैंक खातों को भी खंगाल रही है।

250 से अधिक लोग खेल रहे थे सट्टा

आरोपी के फोन में 250 से अधिक लोगों के नंबर मिले हैं, जो इससे जुड़कर सट्टा खेल रहे थे। ये लोग अलीगढ़ ही नहीं, बल्कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों के हैं। इनमें कई लोग बड़ी रकम हार चुके थे। व्हॉट्सएप पर चैट में आरोपी कोडवर्ड में बात करते थे, जिसे पुलिस डी-कोड करने में जुटी है।

चार माह पहले भी पकड़ा गया था आरोपी

दिसंबर 2025 में भी पुलिस ने विपिन को गिरफ्तार किया था। तब आरोपी भारत व दक्षिण अफ्रीका के मैच में सट्टा खिलवा रहा था। चर्चा है कि आरोपी को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त था। उस समय गिरफ्तारी के बाद नेताओं ने सिफारिश भी की थी। इसके बावजूद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया था। लेकिन, जमानती अपराध होने के चलते जमानत मिल गई थी। हालांकि इस बार पुलिस ने धारा 3/4 सार्वजनिक जुआ अधिनियम का मुकदमा दर्ज करके आरोपी को जेल भेज दिया।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:फेक करेंसी पर रार; अखिलेश यादव ने पूछा- बीजेपी MLA पर ऐक्शन में देरी क्यों?
ये भी पढ़ें:साध्वी पर टिप्पणी कर फंसे बरेली के चीफ प्रॉक्टर, छात्रों का कॉलेज में बवाल

आईपीएल व क्रिकेट में चरम पर होती सट्टाबाजी

जिले में बड़े स्तर पर ऑनलाइन सट्टे के कारोबार चल रहा है। आईपीएल मैचों के दौरान चंद दिनों में ही करोड़ों का कारोबार होता है। कई लोग इनके चंगुल में फंसकर अपनी जमा पूंजी तक गंवा चुके हैं। आईपीएल के अलावा हर क्रिकेट मुकाबले में सट्टा खिलवाया जाता है। इसके लिए अब पुलिस इस गोरखधंधे की तह तक जाने में जुट गई है।

एसपी व सीओ प्रथम मयंक पाठक के अनुसार विपिन वार्ष्णेय ऑनलाइन सट्टा खिलवाता था। साथ ही कमीशन पर आईडी भी बेचता था। इसके पास से 1.74 लाख रुपये, 23 अंगूठियां व अन्य सामान मिला है। फोन में चैट्स मिली हैं, जिन्हें डी-कोड किया जा रहा है। पूछताछ में एक और आरोपी का नाम सामने आया है, जिसकी तलाश की जा रही है।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।