आगरा मेट्रो में विदेशी महिला का छूटा पर्स, ईमानदारी से लौटाया गया
Agra News - उत्तर प्रदेश मेट्रो की लॉस्ट एंड फाउंड सेल ने एक विदेशी महिला यात्री का मेट्रो में छूटा पर्स लौटाया। पर्स में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज थे, जैसे कि एटीएम कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट और कुछ भारतीय मुद्रा। मेट्रो कर्मियों ने सत्यापन प्रक्रिया के बाद पर्स को सही समय पर यात्री को सौंप दिया।

उत्तर प्रदेश मेट्रो ने ईमानदारी की एक और मिसाल पेश की है। मंगलवार को मेट्रो स्टाफ ने अमेरिका से आई एक महिला यात्री का खोया हुआ पर्स उन्हें सुरक्षित वापस लौटा दिया। घटना दोपहर करीब 3 बजे की है, जब कैप्टन शुभम गुप्ता स्टेशन पर जांच कर रहे थे। तभी सुरक्षाकर्मियों को वहां एक लावारिस सफेद रंग का पर्स मिला। जब पर्स को खोलकर देखा गया, तो उसमें अमेरिका का ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट कार्ड, 4 एटीएम कार्ड, 2800 रुपये नकद, एक होटल का रूम कार्ड और कुछ बेहद जरूरी मेडिकल दस्तावेज रखे हुए थे।
सत्यापन के बाद महिला को सौंपा पर्स
इतने जरूरी दस्तावेज मिलने पर मेट्रो कर्मियों ने तुरंत नियमानुसार जांच-पड़ताल शुरू की ताकि असली मालिक का पता लगाया जा सके। सारी कागजी कार्रवाई और सत्यापन पूरा करने के बाद, रात करीब 8 बजे यह पर्स महिला यात्री को सौंप दिया गया। जानकारी के मुताबिक, पर्स की मालकिन बरबरा एन स्टैचनिक ग्रेश हैं, जो अमेरिका के पेंसिल्वेनिया की रहने वाली हैं। अपना सामान सुरक्षित वापस पाकर विदेशी मेहमान ने राहत की सांस ली। इस घटना ने यात्रियों के बीच मेट्रो की सुरक्षा व्यवस्था और ईमानदारी पर भरोसा और गहरा कर दिया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन