आगरा को रैबीज मुक्त बनाने की पहल, नगर निगम ने 250 कुत्तों को लगाया टीका
Agra News - आगरा को रैबीज मुक्त बनाने के लिए नगर निगम द्वारा चलाए जा रहे अभियान के तहत सिकंदरा क्षेत्र में 250 कुत्तों का वैक्सीनेशन किया गया। पशु चिकित्सा टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से निराश्रित और पालतू कुत्तों का टीकाकरण किया। अभियान का उद्देश्य शहरभर में 80 हजार कुत्तों को रैबीज का टीका लगाना है।

आगरा शहर को रैबीज जैसी जानलेवा बीमारी से पूरी तरह सुरक्षित करने के लिए नगर निगम ने अपनी मुहिम तेज कर दी है। 'रैबीज फ्री आगरा अभियान' के तहत शहर के हर कोने में कुत्तों का टीकाकरण किया जा रहा है। हाल ही में सिकंदरा क्षेत्र के वार्ड संख्या 74 में एक विशेष अभियान चलाया गया। यहां राधा नगर, कैलाश मंदिर और उदयपुरम जैसे इलाकों में नगर निगम की टीम ने करीब 250 कुत्तों को वैक्सीन लगाई। अच्छी बात यह रही कि इस काम में वहां के स्थानीय लोगों ने भी टीम का पूरा साथ दिया। इस दौरान पालतू कुत्तों के साथ-साथ सड़क पर घूमने वाले लावारिस कुत्तों को भी टीका लगाया गया, ताकि इंसान और जानवर दोनों सुरक्षित रह सकें।
80 हजार कुत्तों तक पहुंचने का बड़ा लक्ष्य
नगर निगम के पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अजय कुमार सिंह ने बताया कि यह इस अभियान का तीसरा चरण है। प्रशासन ने पूरे शहर में 80 हजार से ज्यादा कुत्तों को टीका लगाने का बड़ा लक्ष्य रखा है। इसके लिए योजनाबद्ध तरीके से हर वार्ड में टीमें भेजी जा रही हैं। सुरक्षा के सभी मानकों का ध्यान रखते हुए यह काम किया जा रहा है।
निगम का कहना है कि जब तक आगरा पूरी तरह रैबीज मुक्त नहीं हो जाता, यह अभियान लगातार जारी रहेगा। इससे आने वाले समय में शहरवासियों को कुत्तों के काटने से होने वाले संक्रमण का खतरा काफी कम हो जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन