agra parshuram chowk insult brahmin samaj protest ambedkar jayanti rally updates आंबेडकर जयंती पर परशुराम चौक के अपमान से ब्राह्मण समाज आंदोलित, गिरफ्तारी के लिए अल्टीमेटम, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

आंबेडकर जयंती पर परशुराम चौक के अपमान से ब्राह्मण समाज आंदोलित, गिरफ्तारी के लिए अल्टीमेटम

आगरा में डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती रैली के दौरान कुछ अराजकतत्वों द्वारा परशुराम चौक के अपमान को लेकर ब्राह्मण समाज में भारी रोष है। विभिन्न संगठनों ने पुलिस प्रशासन को 48 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी का अल्टीमेटम दिया है।

Thu, 16 April 2026 10:04 AMYogesh Yadav आगरा, मुख्य संवाददाता
share
आंबेडकर जयंती पर परशुराम चौक के अपमान से ब्राह्मण समाज आंदोलित, गिरफ्तारी के लिए अल्टीमेटम

UP News: आगरा में आवास विकास कालोनी सेक्टर छह स्थित परशुराम चौक के अपमान के विरोध में बुधवार को ब्राह्मण समाज सड़क पर उतर आया। मौके पर तीन घंटे तक धरना प्रदर्शन चला। हनुमान चालीसा का पाठ किया गया। पुलिस से गहमा-गहमी हुई। पुलिस अधिकारियों ने समझाया। भरोसा दिलाया कि आरोपियों की गिरफ्तारी होगी। पुलिस ने अपनी तरफ से मुकदमा लिखा है। समाज के लोगों ने पुलिस को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।

डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती पर मंगलवार को जगह-जगह से बाइक सवार युवकों ने रैली निकाली थी। एक रैली में शामिल अराजकतत्वों ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचा दी। सेक्टर छह स्थित परशुराम चौक के ऊपर चढ़ गए। जूते-चप्पल पहने हुए थे। नीला झंडा फहरा दिया। इसका विरोध हुआ तो उनके ही कुछ समर्थकों ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करना शुरू कर दिया। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:लखनऊ में सौ से ज्यादा सिलेंडरों में धमाके से भयावह हुई आग, दस किमी धुएं का गुबार

पुलिस को इसका आभास हो गया था। पुलिस ने आनन-फानन में रात में ही अपनी तरफ से अज्ञात आरोपियों पर मुकदमा दर्ज कर लिया। गिरफ्तारी की मांग को लेकर ब्राह्मण समाज बुधवार को एकजुट हुआ। 11 बजे मौके पर प्रदर्शन का ऐलान किया। जानकारी होने पर पांच एसीपी और शहर के कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। ब्राह्मण समाज के विभिन्न संगठनों के तमाम पदाधिकारी पहुंच गए। आरोप लगाया कि पुलिस ने मामूली धाराओं में मुकदमा लिखा है। यही कृत्य उनके समाज के किसी व्यक्ति ने किया होता तो उसकी अभी तक गिरफ्तारी हो गई होती। पुलिस ने अभी तक किसी को क्यों नहीं पकड़ा है।

आक्रोशित लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी। जुलूस निकालने का प्रयास किया तो पुलिस ने रोका, धक्का-मुक्की हो गई। महर्षि परशुराम की तस्वीर साथ लेकर आए लोग सड़क पर बैठ गए। हनुमान चालीसा का पाठ शुरू कर दिया। कुछ युवकों ने महर्षि की तस्वीर लेकर चौक पर चढ़ने का प्रयास किया। यह देख पुलिसकर्मी उनसे तस्वीर छीनने लगे तो भीड़ ने धक्का-मुक्की कर दी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:स्मार्ट प्रीपेड मीटर बना बवाल, विरोध तेज, लखनऊ में 8000 से ज्यादा की बत्ती गुल
ये भी पढ़ें:सेंटर ऑफ एक्सीलेंस; पूर्वी यूपी में एआई, ड्रोन टेक्नोलॉजी के गुर सीख सकेंगे युवा

पुलिस अधिकारी ने लोगों को समझाने का प्रयास किया। वहीं सर्व समाज के एक प्रतिनिधिमंडल के साथ परशुराम चौक स्थापना समिति के पदाधिकारी पुलिस आयुक्त दीपक कुमार से मिले। पुलिस आयुक्त ने आश्वासन दिया कि 48 घंटे के अंदर आरोपित गिरफ्तार होंगे। चौक पर पुलिस चौकी की स्थापना की जाएगी। वीडियो के आधार पर थाना सिकंदरा में दर्ज मुकदमे में भी सुसंगत धाराएं बढ़ाई जाएंगी।

पुलिस ने रिटायर अधिकारी भी लगाए

पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने कमिश्नरेट में तैनात सभी ब्राह्मण पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों की ड्यूटी परशुराम चौक पर लगाई। इतना ही नहीं कई रिटायर ब्राह्मण अधिकारी और अधिवक्ता भी लोगों को समझाने के लिए लगाए गए। गाजियाबाद से रिटायर हुए एक एसीपी भी आगरा आए थे। वह आगरा में भी तैनात रह चुके हैं। वह भी मौके पर पहुंच गए। लोगों से कहा कि पुलिस पर भरोसा रखें। पुलिस कार्रवाई करेगी। आरोपित जेल जाएंगे।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।