यूपी पंचायत चुनाव के बाद अब एमएलसी इलेक्शन की अंतिम वोटर लिस्ट की डेट आई, जानें
यूपी पंचायत चुनाव के बाद अब एमएलसी इलेक्शन की अंतिम वोटर लिस्ट की डेट बढ़ गई। अब ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन दो दिसंबर को किया जाएगा और अंतिम मतदाता सूची छह जनवरी को प्रकाशित होगी।

यूपी में गुरुवार को पंचायत चुनाव की मतदाता सूची जारी करने की अंतिम तारीख बढ़ाकर छह फरवरी 2026 कर दी गई है। इसके बाद शुक्रवार को यूपी विधान परिषद खंड स्नातक की पांच और खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की छह सीटों पर चुनाव के लिए मतदाता सूची तैयार करने के कार्यक्रम में बदलाव किया गया है। अब ड्राफ्ट मतदाता सूची का प्रकाशन दो दिसंबर को किया जाएगा और अंतिम मतदाता सूची छह जनवरी को प्रकाशित होगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा की ओर से शुक्रवार को संशोधित कार्यक्रम जारी कर दिया गया। अब मतदाता सूची पर दावे व आपत्तियां दो दिसंबर से लेकर 16 दिसंबर तक स्वीकार की जाएंगी। दावे व आपत्तियों का निस्तारण अब 30 दिसंबर तक किया जाएगा। फिर छह जनवरी को अंतिम मतदाता सूची जारी होगी। चुनाव में मतदाता बनने की अंतिम तारीख बीते छह नवंबर को खत्म हो चुकी है।
पहले यह ड्राफ्ट नामावली का प्रकाशन 25 नवंबर को किया जाना था और मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 30 दिसंबर को किया जाना था। प्रदेश में विधान परिषद के पांच खंड स्नातक क्षेत्र जिसमें लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ और इलाहाबाद-झांसी क्षेत्र शामिल है। वहीं विधान परिषद के खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र जिसमें लखनऊ, आगरा, वाराणसी, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद क्षेत्र शामिल हैं। अगले वर्ष दिसंबर में इन सभी 11 सीटों के एलएमसी का कार्यकाल अगले वर्ष दिसंबर में खत्म हो रहा है।
यूपी पंचायत मतदाता सूची जारी करने की अंतिम तारीख कल बढ़ी थी
इससे पहले गुरुवार को राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से अब मतदाता सूची जारी करने की अंतिम तारीख बढ़ाकर छह फरवरी 2026 कर दी गई है। पहले 15 जनवरी 2026 को यह मतदाता सूची जारी की जानी थी। फिलहाल अब समय सीमा बढ़ा दी गई है। अभी तक डुप्लीकेट मतदाता भी सूची से नहीं हटाए गए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से जो संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया उसके अनुसार अब ड्राफ्ट मतदाता सूची 23 दिसंबर को जारी होगी। पहले इसे पांच दिसंबर को जारी किया जाना था। यही नहीं मतदाता सूची पर दावे व आपत्तियों का निस्तारण 31 दिसंबर से छह जनवरी तक किया जाएगा। पहले यह कार्य 13 दिसंबर से 19 दिसंबर के बीच किया जाना था।




साइन इन